एसआईआर के बाद मेरठ में 50,642 नए मतदाता बढ़े, संख्या 22.44 लाख के पार
मेरठ दक्षिण सबसे बड़ा तो मेरठ शहर सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र, 16 दिसंबर तक चलेगा एसएसआर अभियान
मेरठ। आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच मेरठ जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के ड्राफ्ट प्रकाशन से पहले जिले में 50,642 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम डॉ. वीके सिंह की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, एसआईआर के बाद जिले में कुल 21,93,637 मतदाता थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 22,44,279 हो गई है।
16 दिसंबर तक एसएसआर की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और त्रुटियों में संशोधन का कार्य किया जाएगा। इसके लिए मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकते हैं।
मेरठ दक्षिण सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार मेरठ दक्षिण 4,03,900 मतदाताओं के साथ जिले का सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है। यहां 2,17,488 पुरुष और 1,86,390 महिला मतदाता दर्ज हैं। वहीं मेरठ शहर 2,62,683 मतदाताओं के साथ जिले का सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र है।
अन्य विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति
किठौर में 3,29,354 मतदाता हैं। इनमें 1,80,309 पुरुष और 1,49,027 महिला मतदाता शामिल हैं। मेरठ कैंट में कुल 3,22,235 मतदाता हैं, जिनमें 1,71,128 पुरुष और 1,51,079 महिलाएं हैं।
सरधना में 3,18,340 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,74,459 पुरुष और 1,43,855 महिला मतदाता हैं। हस्तिनापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,07,610 मतदाता हैं, जिनमें 1,69,110 पुरुष और 1,38,482 महिलाएं शामिल हैं। वहीं सिवालखास में 3,00,157 मतदाता हैं। इनमें 1,66,050 पुरुष और 1,34,090 महिला मतदाता हैं।
12.20 लाख पुरुष और 10.23 लाख महिला मतदाता
जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 12,20,754 पुरुष, 10,23,380 महिला और 145 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। इस तरह जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 22,44,279 हो गई है। 50 हजार से अधिक नए मतदाताओं की वृद्धि ने चुनावी समीकरणों को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता भी बढ़ा दी है। अब एसएसआर के दौरान नए मतदाताओं को जोड़ने और सूची को दुरुस्त करने पर विशेष जोर रहेगा।


No comments:
Post a Comment