आग के गोले में तब्दील होकर जमीन पर गिरा रूसी सैन्य विमान, 17 लोगों की दर्दनाक मौत

साइबेरिया के केमेरोवो क्षेत्र में यागुनोवो गांव के पास हुआ हादसा, आसमान से गिरते विमान का वीडियो वायरल; 500 मीटर के दायरे में बिखरा मलबा

मेरठ/मॉस्को। रूस के साइबेरिया में मंगलवार को एक भीषण विमान हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई। दक्षिण-पश्चिमी साइबेरिया के केमेरोवो क्षेत्र में रूसी सेना का An-12 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान यागुनोवो गांव के पास आग के गोले में तब्दील होकर जमीन पर जा गिरा। हादसे में विमान में सवार सभी 17 लोगों की जान चली गई।

रूसी मीडिया आउटलेट इजवेस्टिया की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान हादसे की जानकारी केमेरोवो के गवर्नर इल्या सेरेड्युक ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म MAX पर साझा की। उन्होंने बताया कि विमान यागुनोवो गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गवर्नर ने भी घटनास्थल के लिए रवाना होने की जानकारी दी।

आग की लपटों में घिरा विमान, जमीन से टकराते ही हुआ धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान आसमान में ही आग की लपटों से घिरा हुआ था। कुछ ही पलों में वह तेजी से नीचे आया और जमीन से टकराते ही जोरदार धमाके के साथ मलबे में तब्दील हो गया। सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें विमान आग के गोले की तरह आसमान से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है।

500 मीटर के दायरे में बिखरा मलबा

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि विमान का मलबा घटनास्थल के आसपास करीब 500 मीटर के दायरे में बिखर गया। शुरुआती मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में कोई खतरनाक सामान नहीं ले जाया जा रहा था। हादसे के बाद संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

तकनीकी खराबी या दूसरी वजह, जांच जारी

फिलहाल विमान दुर्घटना की असली वजह सामने नहीं आई है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी, इंजन में आग लगने या किसी अन्य कारण से हुआ। जांच एजेंसियां दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts