बचपन में ही अनिल कपूर ने किया था कैमरे का सामना, पिता की फिल्म में दिया था पहला शॉट
1965 में आई ‘टार्जन कम्स टू दिल्ली’ से जुड़ी यादें कीं साझा, दारा सिंह को बताया बेहद नेकदिल और बड़े दिल वाला इंसान
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने अपने बचपन से जुड़ा एक ऐसा दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। उन्होंने बताया कि कैमरे के सामने उनका पहला अनुभव पिता सुरिंदर कपूर की 1965 में आई फिल्म ‘टार्जन कम्स टू दिल्ली’ के दौरान हुआ था। उस समय वह बेहद छोटे थे और फिल्म के लिए उन्होंने कुतुब मीनार के सामने पहला शॉट दिया था। फिल्म में दिग्गज पहलवान एवं अभिनेता दारा सिंह मुख्य भूमिका में थे।
स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ के आगामी एपिसोड में अनिल कपूर ने यह पुरानी याद साझा की। ‘इंडियन टार्जन कपल’ से बातचीत के दौरान टार्जन का जिक्र छिड़ा तो उन्हें अपने पिता की फिल्म और बचपन के दिन याद आ गए। उन्होंने बताया कि उस समय कुतुब मीनार के सामने तस्वीरें भी खिंचवाई थीं और वहीं फिल्म के लिए कैमरे का सामना किया था।
अनिल कपूर ने दारा सिंह को याद करते हुए कहा कि वह बेहद नेकदिल और बड़े दिल वाले इंसान थे। उन्होंने दारा सिंह को अपने जीवन में मिले सबसे बेहतरीन लोगों में से एक बताया। अनिल के इस किस्से ने फिल्मी दुनिया के उस दौर की यादें ताजा कर दीं, जब दारा सिंह पर्दे पर टार्जन के किरदार से दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहे थे।
‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment