मेरठ को मिली प्रदेश की चार बड़ी एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की मेजबानी
जनवरी में राज्य स्तरीय किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी होगी, आगरा की बैठक में 60 जिलों के पदाधिकारी शामिल
मेरठ। उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन की स्पेशल जनरल काउंसिल मीटिंग-2026 रविवार को होटल ताज हेरिटेज, आगरा में आयोजित हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला के मार्गदर्शन में हुई बैठक में प्रदेश के 60 जिलों के जिला एथलेटिक संघों के अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए।
बैठक में प्रदेश सचिव नरेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार तथा तकनीकी कमेटी के चेयरमैन अनु कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान आगामी वर्ष में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की तिथियों और आयोजन स्थलों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रदेश में एथलेटिक्स खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला एथलेटिक संघ मेरठ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि अध्यक्ष आशुतोष भल्ला के नेतृत्व में मेरठ को प्रदेश की 400 मीटर प्रतियोगिता, प्रदेश स्तरीय रिले प्रतियोगिता और यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जनवरी माह में राज्य स्तरीय किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन भी मेरठ में किया जाएगा।
मेरठ को इन प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलने से जिले में एथलेटिक्स गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्रदेशभर के युवा और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।


No comments:
Post a Comment