कार्तिक मेले में सुरक्षा का अभेद्य घेरा, 26 थानों की पुलिस तैनात

एडीजी बोले- हर चुनौती से निपटने को तैयार पुलिस, एटीएस और एसटीएफ भी रख रहीं नजर

सबहेड: गढ़-तिगरी मेले को जोड़ने वाले पहली बार बने पीपा पुल पर डीआईजी ने किया फुट मार्च, अगले 48 घंटे विशेष सतर्कता के निर्देश

मेरठ। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए मखदुमपुर, गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने को तैयार है। गंगा किनारे तंबुओं का शहर बस चुका है और लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है। मेले में चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। रविवार को एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी के साथ गढ़मुक्तेश्वर मेले में सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। तैयारियों की समीक्षा के बाद एडीजी ने स्पष्ट कहा कि मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि तीन जिलों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाकर मेले की सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी। इसके लिए 26 थानों की पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी गई है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग को अलर्ट किया गया है। वहीं एटीएस और एसटीएफ भी मेले में होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रख रही हैं। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और किसी भी चुनौती से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

पहली बार बने पीपा पुल पर पुलिस का संयुक्त फुट मार्च

गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले को जोड़ने के लिए पहली बार बनाए गए पीपा पुल की सुरक्षा भी पुलिस के लिए अहम चुनौती है। रविवार को डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने हापुड़ और अमरोहा पुलिस के साथ पुल पर संयुक्त फुट मार्च किया। उन्होंने पुल की सुरक्षा व्यवस्था परखी और श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नावों पर लाइफ जैकेट अनिवार्य, दो शिफ्टों में होगी निगरानी

डीआईजी ने मेले के प्रमुख बाजारों का भ्रमण करने के साथ मेला कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दो शिफ्टों में पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। नावों पर हर समय लाइफ जैकेट, लाउड हेलर और टॉर्च उपलब्ध रखने को कहा। इसके अलावा गंगा किनारे बैरिकेडिंग का दायरा अधिक से अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराया जा सके। डीआईजी ने अगले 48 घंटे विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts