बर्थडे पार्टी के बहाने तीन नाबालिग लड़कियों को ले गए, दो सगी बहनों से सामूहिक दुष्कर्म
झारखंड के खूंटी में वारदात से मचा हड़कंप, तीसरी लड़की आरोपियों के चंगुल से भागकर बची; तीन आरोपी हिरासत में, चौथे की तलाश में दबिश
खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में तीन नाबालिग लड़कियों को जन्मदिन की पार्टी में ले जाने का झांसा देकर उनके साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवक तीनों लड़कियों को बाइक और स्कूटी से मारंगहादा इलाके के एक गांव में ले गए। वहां सुनसान जगह पर दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वहीं, तीसरी लड़की किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
पार्टी का झांसा देकर बुलाया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित दोनों बहनों की कुछ दिन पहले एक युवक से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि उसी युवक ने दोनों बहनों और उनकी एक नाबालिग सहेली को जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने और घूमने का लालच दिया। इसके बाद उसने अपने तीन अन्य साथियों को भी बुला लिया। चारों युवक तीनों लड़कियों को अपने साथ लेकर मारंगहादा क्षेत्र के एक गांव पहुंचे। वहां पहले सभी ने साथ में खाना खाया। इसके बाद आरोपी घूमाने के बहाने लड़कियों को सुनसान स्थान पर ले गए।
तीसरी लड़की ने भागकर बचाई जान
आरोप है कि सुनसान जगह पर चारों युवकों ने दोनों सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान तीसरी नाबालिग लड़की ने आरोपियों के चंगुल से निकलने की कोशिश की और किसी तरह वहां से भागने में सफल रही। घटना के बाद दोनों बहनें घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
तीन आरोपी हिरासत में, चौथे की तलाश
मामले की शिकायत खूंटी महिला थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों गोपाल मुंडा उर्फ राहुल, मनीष लोहरा और मनसा को हिरासत में लिया है। वहीं, चौथा आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
मेडिकल जांच के लिए भेजीं पीड़िताएं
पुलिस ने दोनों पीड़ित बहनों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की जांच महिला थाना पुलिस कर रही है।


No comments:
Post a Comment