नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा : कश्मीरी लाल
सीसीएसयू में स्वदेशी उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन आयोजित, वक्ताओं ने युवाओं से नवाचार और स्वरोजगार अपनाने का किया आह्वान
मेरठ। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार के अवसर पैदा करने वाले बनेंगे। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और नए उद्यम स्थापित करने से न केवल बेरोजगारी की समस्या का समाधान होगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। यह बात स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल ने मंगलवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित स्वदेशी उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन में कही।
विश्वविद्यालय और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् हुआ। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. आरके सोनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की अहम भूमिका है। इसके लिए उन्हें शोध, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आना होगा।
मुख्य वक्ता कश्मीरी लाल ने कहा कि बेरोजगारी के कारण युवाओं में निराशा और अवसाद बढ़ रहा है। ऐसे में उद्यमिता रोजगार का बेहतर विकल्प बन सकती है। युवाओं को नौकरी की प्रतीक्षा करने के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने राधेश्याम गोयनका और राधेश्याम अग्रवाल का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह एक कंपनी के अंतर्गत लगभग 320 स्वदेशी उत्पाद विकसित किए गए। उन्होंने मीना बिंद्रा और उनके बीबा ब्रांड की सफलता का उदाहरण देकर युवाओं को दृढ़ संकल्प, नवाचार और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी क्षमताएं पहचानकर रोजगार सृजनकर्ता बनना चाहिए और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य युवाओं के साहस, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी से ही पूरा होगा। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों को अवसर में बदलने और अपनी प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने 'वोकल फॉर लोकल' और 'हर घर स्वदेशी' की भावना को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।
सम्मेलन में स्वदेशी जागरण मंच के विकास चौधरी, सुधांशु बिश्नोई, अनुज शर्मा और बिजेंद्र सहित विश्वविद्यालय के निदेशक शोध प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. अनिल मलिक, प्रो. नीरज सिंघल, डॉ. केपी सिंह, डॉ. स्वाति सिंह, डॉ. नाजिया, डॉ. प्रियंका सहित अनेक शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


No comments:
Post a Comment