जज के लिए सजी थी सलामी की कतार, गफलत में ओवैसी को दे दिया गार्ड ऑफ ऑनर!
सहारनपुर सर्किट हाउस में पुलिस की चूक से मचा हड़कंप, सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ पहुंचे थे एआईएमआईएम प्रमुख
सहारनपुर। यूपी पुलिस की एक चूक शनिवार को चर्चा का विषय बन गई। सहारनपुर के सर्किट हाउस में जज के स्वागत के लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी थी, लेकिन कथित गफलत में पुलिसकर्मियों ने एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी को ही सलामी दे दी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, ओवैसी शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने काफिले के साथ सर्किट हाउस पहुंचे। उनके पहुंचते ही वहां तैनात पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए। जैसे ही ओवैसी गाड़ी से नीचे उतरे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। ओवैसी सलामी लेने के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ सर्किट हाउस के अंदर चले गए।
जज के आगमन के लिए थी तैयारी
बताया गया कि सर्किट हाउस में एक जज के आगमन का कार्यक्रम निर्धारित था। उनके सम्मान में ही पुलिसकर्मियों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान ओवैसी का काफिला पहुंच गया और कथित तौर पर पहचान को लेकर हुई गफलत में पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही सलामी दे दी।
चंद्रशेखर के घर पहुंचे, समर्थकों ने लगाए नारे
सर्किट हाउस से निकलने के बाद ओवैसी सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ छुटमलपुर स्थित उनके आवास पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे दोनों सांसद हरिजन कॉलोनी की गली नंबर दो में पहुंचे। संकरी गली होने के कारण गाड़ी घर तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ओवैसी पैदल ही चंद्रशेखर के साथ उनके आवास पहुंचे।
दोनों नेताओं के पहुंचने की खबर मिलते ही समर्थकों की भीड़ जुट गई। इस दौरान 'देखो-देखो कौन आया, शेर आया' के नारे गूंजते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर समर्थकों को घर के बाहर ही रोक दिया गया।
बंद कमरे में हुई मुलाकात और लंच
ओवैसी और चंद्रशेखर ने आवास के अंदर बंद कमरे में मुलाकात की और साथ में लंच किया। गठबंधन के ऐलान के बाद सहारनपुर में दोनों नेताओं की यह पहली संयुक्त यात्रा थी। इससे पहले दोनों सांसदों ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण का मुद्दा उठाते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। इस दौरान दोनों दलों के पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment