कान्हा की बाल लीलाओं ने मोहा मन, कालिया नाग मर्दन और गोवर्धन लीला सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन भक्ति में डूबा परशुरामेश्वर महादेव मंदिर का पंडाल, गिरिराज महाराज के जयकारों से गूंजा परिसर

मेरठ। कहीं माखन चोरी की मनमोहक लीला तो कहीं कालिया नाग के फणों पर नृत्य करते बाल गोपाल का दिव्य स्वरूप। कभी यमुना को विषमुक्त करने का प्रसंग तो कभी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा। भगवान श्रीकृष्ण की इन मनोहारी लीलाओं का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।

श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पांचवें दिन कथा व्यास दंडी स्वामी ध्रुवानंद तीर्थ जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के नामकरण संस्कार से लेकर उनकी बाल लीलाओं, कालिया नाग मर्दन और गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया।

गर्गाचार्य ने रखा था कान्हा का नाम कृष्ण

कथा का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के नामकरण प्रसंग से हुआ। व्यास जी ने बताया कि गर्गाचार्य ने नंद बाबा के घर पहुंचकर बालक का नाम कृष्ण रखा। इसके बाद माखन चोरी, माटी भक्षण और पूतना वध जैसी बाल लीलाओं का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कालिया नाग के फणों पर किया नृत्य

कालिया नाग मर्दन का प्रसंग सुनाते हुए व्यास जी ने बताया कि कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था। ब्रजवासियों को संकट से बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण यमुना में कूद पड़े और कालिया नाग के फणों पर नृत्य कर उसका दमन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग जीवन में काम, क्रोध और लोभ जैसे विकारों के विष को भक्ति के माध्यम से शांत करने की प्रेरणा देता है।

छोटी अंगुली पर उठा लिया गोवर्धन पर्वत

गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि इंद्र के क्रोध के कारण जब ब्रज में मूसलाधार वर्षा होने लगी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों को वर्षा और संकट से बचाया। इस प्रसंग के दौरान कथा पंडाल गोवर्धन महाराज की जय और गिरिराज धरण की जय के जयकारों से गूंज उठा।

अतिथियों ने किया कथा व्यास का सम्मान

पंचम दिवस पर मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री संजय गर्ग, दिल्ली से आए समाजसेवी कृष्ण बंसल तथा विश्व कल्याण मिशन के अध्यक्ष हर्ष गोयल ने व्यास पीठ पर विराजमान दंडी स्वामी ध्रुवानंद तीर्थ जी महाराज का पुष्पमाला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। उन्होंने कथा के सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति को बधाई दी। मुख्य यजमान डॉ. आलोक शर्मा ने अतिथियों का माला और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अशोक शर्मा ने किया। इस अवसर पर समिति संयोजक सुमित मिश्रा, मुकेश चंद शर्मा, पं. विवेक शर्मा, डॉ. पंकज त्यागी, वैभव शर्मा, सुदेश शर्मा, अनुज शर्मा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts