अमेरिका में एयर इमरजेंसी: राउटर की खराबी से ठप हुआ हवाई यातायात, दो दिन में 15 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द
तांबे की पुरानी तारों को फाइबर केबल से बदलने के दौरान बिगड़ा सिस्टम; 17 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर प्रभावित, हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे
वॉशिंगटन। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने की कोशिश उस समय बड़ी मुसीबत में बदल गई, जब पुराने संचार नेटवर्क को फाइबर केबल से बदलने के दौरान एक राउटर में खराबी आ गई। इसका असर देशभर के हवाई यातायात पर पड़ा। शुक्रवार को करीब पांच घंटे तक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। दो दिनों में 15 हजार से अधिक उड़ानें रद्द हो गईं, जबकि हजारों फ्लाइट्स देरी से चलीं। इस तकनीकी गड़बड़ी के चलते अमेरिका के प्रमुख एयरपोर्ट पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने शनिवार को बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में यह समस्या नया राउटर लगाने के दौरान आई। फिलहाल जांच की जा रही है कि राउटर में तकनीकी खराबी थी या उसे इंस्टॉल करने में कोई चूक हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घटना के पीछे फिलहाल साइबर हमले का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
17 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों तक पहुंचा असर
अमेरिकी एविएशन एजेंसी FAA के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड के मुताबिक, देश के कुल 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों में से 17 इस तकनीकी खराबी से प्रभावित हुए। ये सेंटर आसमान में उड़ रहे विमानों की निगरानी करने के साथ पायलटों के संपर्क में रहते हैं। राउटर में गड़बड़ी के कारण इन केंद्रों का संचार नेटवर्क प्रभावित हुआ। हालांकि किसी भी सेंटर का संपर्क पूरी तरह नहीं टूटा था, लेकिन यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को देखते हुए उड़ानों को रोकने का फैसला लिया गया।
दो दिन में हजारों उड़ानें रद्द, एयरपोर्ट पर लगी भीड़
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अमेरिका में करीब 9,200 उड़ानें रद्द हुईं और 7,500 से अधिक फ्लाइट्स में देरी हुई। शनिवार शाम तक 6,150 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी थीं, जबकि 7,300 से अधिक उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। रविवार की 530 से अधिक उड़ानें भी पहले ही रद्द की जा चुकी थीं।
इसका असर केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहा। विमानों के अलग-अलग एयरपोर्ट पर फंसने से एयरलाइंस के सामने पायलटों, क्रू मेंबर्स और विमानों को उनकी निर्धारित जगहों तक पहुंचाने की चुनौती खड़ी हो गई। उड़ानों पर लगी रोक हटने के बाद भी परिचालन पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका।
कंपनी की गलती या खराब राउटर, जांच जारी
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी के अनुसार, L3Harris कंपनी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने का काम कर रही थी। इसी दौरान नया राउटर लगाने में गड़बड़ी हुई। सरकार अब इसकी तकनीकी जांच करा रही है कि उपकरण में पहले से खराबी थी या इंस्टॉलेशन के दौरान कोई गलती हुई।
FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने भी कहा कि इस घटना के पीछे साइबर अटैक या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका होने का कोई सबूत नहीं मिला है। L3Harris कंपनी ने जांच में FAA को पूरा सहयोग देने की बात कही है। कंपनी के अनुसार, सिस्टम को आधुनिक बनाने का 70 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका था।
रविवार देर रात तक सामान्य होने की उम्मीद
FAA प्रमुख ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगते हुए कहा कि सिस्टम को दुरुस्त करने का काम जारी है। उम्मीद है कि रविवार देर रात तक उड़ानों का संचालन काफी हद तक सामान्य हो जाएगा। हालांकि, विमानों और उनके क्रू की निर्धारित स्थानों पर उपलब्धता प्रभावित होने के कारण देरी का सिलसिला कुछ समय तक जारी रह सकता है।
पुराने एयर ट्रैफिक सिस्टम को बदलने के लिए 50 अरब डॉलर की मांग
इस घटना ने अमेरिका के पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल नेटवर्क की कमजोरियों को फिर चर्चा में ला दिया है। परिवहन मंत्री सीन डफी ने पूरे सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए 50 अरब डॉलर की जरूरत बताई है। इससे पहले 30 अरब डॉलर की मांग की गई थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस काम के लिए 30.1 अरब डॉलर की राशि मांगी है।
पिछले साल अमेरिकी संसद ने सिस्टम के आधुनिकीकरण के लिए 12.5 अरब डॉलर मंजूर किए थे। हालांकि, सांसदों के अनुसार इसमें से अब तक करीब एक अरब डॉलर ही खर्च हो पाए हैं। संसद के निचले सदन के स्पीकर माइक जॉनसन ने सिस्टम सुधारने के लिए अतिरिक्त धन देने का समर्थन किया है। इस घटना के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि जब हवाई यातायात जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था का आधुनिकीकरण धीमी गति से चल रहा है, तो भविष्य में ऐसी तकनीकी गड़बड़ियों से कैसे बचा जाएगा।


No comments:
Post a Comment