जेल से छूटते ही शादाब ने बरसाईं गोलियां, 12 दिन बाद ही पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला
पांच लाख की रंगदारी के मुकदमे में समझौते का बना रहा था दबाव, बाइक सवार दो साथियों के साथ पहुंचा; पड़ोसी के घर में घुसकर युवक ने बचाई जान
मेरठ। जेल से बाहर आते ही एक आरोपी ने फिर दहशत फैलाने की कोशिश की। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इत्तेफाक नगर में सोमवार देर रात बाइक सवार तीन हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली चलते ही युवक जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में घुस गया। इससे उसकी जान बच गई। पीड़ित का आरोप है कि जेल से महज 12 दिन पहले छूटकर आए शादाब ने पुरानी रंजिश और रंगदारी के मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने के लिए हमला कराया।
गली में टहल रहा था युवक, अचानक हुई फायरिंग
इत्तेफाक नगर स्थित गड्ढे वाली मस्जिद निवासी भूरा सिराजुद्दीन (25) सोमवार रात करीब 12 बजे अपनी गली में टहल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने भूरा को निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूरा ने दौड़कर पड़ोसी के घर में शरण ली और अपनी जान बचाई। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
2019 में मांगी थी पांच लाख की रंगदारी
पीड़ित भूरा ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में जुबैर पुत्र जब्बर ने अपने साथियों के साथ उसकी बड़ी बहन से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर जुबैर ने उसके बड़े भाई नईम उर्फ कल्लन को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी थी। इस घटना के कुछ दिन बाद जुबैर पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।
जेल से लौटे शादाब पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप
भूरा के मुताबिक, जुबैर का बड़ा भाई शादाब पुराने मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहा था। शादाब करीब 12 दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया है। आरोप है कि सोमवार रात वह अपने दो साथियों के साथ बाइक पर पहुंचा और भूरा पर फायरिंग कर दी। पीड़ित ने इसे पुराने मुकदमे में समझौता कराने की कोशिश और रंजिश का परिणाम बताया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
फायरिंग की सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर इलाके में आरोपियों की तलाश शुरू की। सीओ संग्राम सिंह के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है। इसी को लेकर फायरिंग की सूचना मिली है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।


No comments:
Post a Comment