मेरठ में जेडी फाइनेंस कंपनी पर पुलिस का छापा, जुए के अड्डे का भंडाफोड़; 26 गिरफ्तार

बुढ़ाना गेट में जेडी फाइनेंस कंपनी पर पुलिस का छापा, जुआ खेलते 26 गिरफ्तार

4.98 लाख रुपये नकद, 22 मोबाइल, चार कार और 18 बाइक-स्कूटी बरामद; मैच की बुकी लगाए जाने का भी खुलासा

मेरठ। शहर के बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने और खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना देहली गेट पुलिस और एसओजी/स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में जेडी फाइनेंस कंपनी पर छापा मारकर 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से करीब पांच लाख रुपये नकद, 22 मोबाइल फोन, चार कार और 18 मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, जेडी फाइनेंस कंपनी के परिसर में बड़े स्तर पर जुए का खेल चल रहा था। यहां मैच की बुकी लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आरोपियों को दबोच लिया। बरामद नकदी की कुल कीमत 4,98,302 रुपये बताई गई है।

शहर के कई चर्चित लोग भी गिरफ्त में

कार्रवाई के दौरान शहर के कई चर्चित लोगों के पकड़े जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद कई लोग नशे की हालत में थे। छापेमारी की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।

देहली गेट पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई

पूरी कार्रवाई थाना देहली गेट प्रभारी राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस और स्वॉट टीम ने की। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर जुए के नेटवर्क और मैच की बुकी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में बरामद वाहनों और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर पुलिस ने छापेमारी की, वह थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बताया जा रहा है, जबकि कार्रवाई थाना देहली गेट पुलिस ने की। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि संबंधित क्षेत्र की पुलिस को इतने बड़े स्तर पर चल रहे कथित जुए के अड्डे की भनक क्यों नहीं लगी? क्या बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर उनकी कथित अनदेखी के चलते यह कारोबार फलता-फूलता रहा?

अब देखना यह होगा कि पुलिस के आला अधिकारी इस मामले में केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित रखते हैं या फिर संबंधित चौकी और थाना स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराते हैं। आखिर उन अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी, जिनकी निगरानी में क्षेत्र में इस तरह का अवैध कारोबार संचालित होने के आरोप सामने आए हैं? फिलहाल इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे के भीतर जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts