PET के लिए रोडवेज बसों के बढ़ेंगे फेरे, 20 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने का अनुमान
25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को होगी परीक्षा, पांचों डिपो को निर्देश जारी; मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और आगरा रूट पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था
मेरठ। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा देने मेरठ आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जाएंगे। जिन मार्गों पर अभ्यर्थियों की भीड़ अधिक होगी, वहां जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इसके लिए परिवहन विभाग ने परिक्षेत्र के पांचों डिपो के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से PET की परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। अनुमान है कि मेरठ में करीब 20 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। इनमें दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी रहेगी।
पांचों डिपो को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि भैंसाली, मेरठ, सोहराब गेट, गढ़ और बड़ौत डिपो के एआरएम और डिपो प्रभारियों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों की संख्या और यात्रियों की मांग के अनुसार संबंधित रूट पर बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जाएंगे।
बसों के संचालन पर नजर रखने और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल रूम भी 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जरूरत पड़ने पर बसों के संचालन में तत्काल बदलाव किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।
मुरादाबाद-बरेली और अलीगढ़-आगरा मार्ग पर बढ़ेंगे फेरे
सोहराब गेट डिपो के एआरएम राजीव कुमार ने बताया कि परीक्षा के दिनों में मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और आगरा रूट पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। बसों का संचालन इस तरह किया जाएगा कि कम समय में अधिक से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
एक चक्कर पूरा करने के बाद जरूरत के अनुसार बसों को दूसरे मार्ग पर भी लगाया जाएगा। परिवहन विभाग का प्रयास है कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को समय पर बस उपलब्ध हो और वे बिना किसी परेशानी के अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।


No comments:
Post a Comment