CJP नेता सौरव दास की नागरिकता पर सवाल, मद्रास हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब

नेपाल से कथित संबंधों की जांच की मांग पर केंद्र, पासपोर्ट अधिकारी समेत 12 पक्षों को नोटिस; छह सप्ताह में देना होगा जवाब

चेन्नई। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय सह-संयोजक सौरव दास की नागरिकता और पृष्ठभूमि को लेकर मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। कांचीपुरम के व्यवसायी गणेश कुमार ने आरोप लगाया है कि सौरव दास की जड़ें कथित तौर पर नेपाल से जुड़ी हो सकती हैं। उन्होंने उनकी नागरिकता, दस्तावेजों और फंडिंग की जांच कराने की मांग की है। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी समेत 12 पक्षों को नोटिस जारी किया है। सभी को छह सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करना होगा।

पासपोर्ट और आधार रद्द करने की भी मांग

मुख्य न्यायाधीश एस.ए. धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की खंडपीठ के समक्ष दाखिल जनहित याचिका में याचिकाकर्ता ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौरव दास और उनके माता-पिता की पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच कराने का निर्देश देने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि यदि जांच में नागरिकता से जुड़े आरोप सही पाए जाते हैं तो उनका पासपोर्ट और आधार कार्ड रद्द किया जाए।

सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करने की मांग

याचिकाकर्ता ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से सौरव दास के नाम से संचालित एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक करने की मांग भी की है। साथ ही अदालत से अनुरोध किया है कि मामले के निस्तारण तक उन्हें सोशल मीडिया या किसी अन्य मंच पर सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और निचली अदालतों के न्यायाधीशों के खिलाफ कथित अपमानजनक, मानहानिकारक या धमकी भरी टिप्पणियां करने से रोका जाए।

फंडिंग के स्रोतों की जांच कराने की मांग

गणेश कुमार ने याचिका में आरोप लगाया है कि सौरव दास न्यायपालिका के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि यदि उनके भारतीय नागरिक होने से जुड़े दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी सामने आती है तो आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पासपोर्ट कैसे जारी हुए। याचिकाकर्ता ने उनके वित्तीय लेन-देन, फंडिंग के स्रोतों और धन उपलब्ध कराने वाले लोगों की भी जांच कराने की मांग की है।

अदालत में लगाए गए हैं आरोप, अभी जांच का आदेश नहीं

याचिका में लगाए गए नेपाल से संबंध, दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी और फंडिंग से जुड़े आरोप अभी याचिकाकर्ता के दावे हैं। हाईकोर्ट की ओर से फिलहाल संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इन आरोपों पर अदालत का अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts