अंतरिक्ष में भारत की एक और बड़ी छलांग, ISRO ने सफलतापूर्वक लॉन्च किया NVS-03

GSLV-F18 रॉकेट ने श्रीहरिकोटा से भरी उड़ान, स्वदेशी परमाणु घड़ी से लैस सैटेलाइट मजबूत करेगा ‘नाविक’ सिस्टम; स्मार्टफोन और आधुनिक उपकरणों को भी मिलेगा फायदा

श्रीहरिकोटा,एजेंसी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शुक्रवार रात एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अगली पीढ़ी के नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 का सफल प्रक्षेपण किया। 2,232 किलोग्राम वजनी इस सैटेलाइट को GSLV-F18 रॉकेट के जरिए रात 11 बजकर 51 मिनट पर श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से रवाना किया गया। इसे जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) में स्थापित करने का लक्ष्य है। यह मिशन भारत के स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम ‘नाविक’ को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

स्वदेशी परमाणु घड़ी से लैस है सैटेलाइट

NVS-03 अगली पीढ़ी के नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम का तीसरा उपग्रह है। इसमें स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर की ओर से विकसित स्वदेशी रूबिडियम परमाणु घड़ी लगाई गई है। इसके साथ विदेशी परमाणु घड़ियां भी मौजूद हैं। परमाणु घड़ी की मदद से सैटेलाइट बेहद सटीक समय और स्थान संबंधी संकेत उपलब्ध करा सकेगा।

यह सैटेलाइट एल1, एल5 और एस बैंड पर नेविगेशन सिग्नल प्रसारित करेगा। एल1 सिग्नल को शामिल किए जाने से नाविक सिस्टम आधुनिक स्मार्टफोन के सिविलियन चिपसेट और पहनने योग्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अनुकूल बनेगा।

भारत के साथ 1500 किलोमीटर तक होगा कवरेज

NVS-03 का कवरेज पूरे भारत के साथ देश की भौगोलिक सीमाओं से करीब 1,500 किलोमीटर आगे तक रहेगा। इससे देश में नेविगेशन सेवाओं की निरंतरता और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह उपग्रह भारतीय क्षेत्रीय नेविगेशन उपग्रह प्रणाली (IRNSS) यानी नाविक का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

NVS-02 की तकनीकी खामी से लिया सबक

जनवरी 2025 में लॉन्च किए गए NVS-02 सैटेलाइट को तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित कक्षा तक पहुंचाने में सफलता नहीं मिली थी। मिशन के दौरान सामने आई कनेक्टर संबंधी समस्या को ध्यान में रखते हुए NVS-03 की लॉन्चिंग में विशेष तकनीकी व्यवस्था अपनाई गई है। मिशन हैंडबुक के अनुसार, इसमें पायरो तकनीक से संचालित वाल्व लॉन्च से पहले ही खोल दिए गए, ताकि ईंधन आपूर्ति प्रणाली से जुड़ी संभावित समस्या को रोका जा सके। मिशन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय समिति की ओर से सुझाए गए सुधार भी शामिल किए गए हैं।

कई चरणों में अंतिम कक्षा तक पहुंचेगा उपग्रह

GSLV-F18 रॉकेट की यह 20वीं उड़ान है। करीब 50 मीटर ऊंचे और तीन चरणों वाले इस रॉकेट का प्रक्षेपण के समय वजन लगभग 420 टन था। सैटेलाइट को जिस ट्रांसफर ऑर्बिट में स्थापित किया जाना है, उसकी पृथ्वी से निकटतम दूरी 170 किलोमीटर और अधिकतम दूरी 37,023 किलोमीटर होगी। इसकी कक्षा का झुकाव 20.75 डिग्री है।

ट्रांसफर ऑर्बिट में पहुंचने के बाद NVS-03 कई चरणों में अपनी कक्षा की ऊंचाई बढ़ाएगा। इसके बाद यह 32.5 डिग्री पूर्वी देशांतर पर अपनी अंतिम भूस्थिर कक्षा में स्थापित होगा। इससे भारत की क्षेत्रीय नेविगेशन क्षमता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts