महिला के घर युवक के पहुंचने पर हंगामा, मारपीट के बाद लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
पड़ोसी ने लगाए देह व्यापार के आरोप, पुलिस ने युवक और महिला को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ; चौकी प्रभारी बोले- नाली विवाद की बात सामने आई
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी में शनिवार शाम एक महिला के घर युवक के पहुंचने को लेकर हंगामा हो गया। पड़ोसी ने महिला के घर पर संदिग्ध लोगों के आने-जाने का विरोध किया तो युवक से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
तारापुरी निवासी बाबुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में पड़ोस में रहने वाली महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि महिला के घर पर आए दिन अलग-अलग लोगों का आना-जाना रहता है। मोहल्ले के लोगों ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन आरोप है कि महिला ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
गेट पर युवक के पहुंचने से शुरू हुआ विवाद
बाबुद्दीन के मुताबिक, शनिवार शाम वह अपने घर पर बैठा था। इसी दौरान एक युवक महिला के घर के गेट पर पहुंचा और उसे नाम लेकर बुलाने लगा। बाबुद्दीन ने इसका विरोध किया तो युवक ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के साथ महिला को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस बोली- नाली विवाद का मामला भी सामने आया
पिलोखड़ी चौकी प्रभारी अभय यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच नाली को लेकर विवाद चल रहा है। युवक पर लगाए गए आरोपों को पुलिस ने प्रथम दृष्टया निराधार बताया है। हालांकि, पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment