सुप्रीम कोर्ट के आदेश से व्यापारियों में बढ़ी चिंता, वाजपेयी से बोले-खतरे में है हमारा भविष्य
उल्देपुर और जागृति विहार के लोगों के साथ राज्यसभा सांसद से मिले व्यापारी, प्रधानमंत्री और केंद्र-प्रदेश सरकार तक बात पहुंचाने की मांग
मेरठ। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मेरठ में व्यापारियों और प्रभावित परिवारों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार देर शाम संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ उल्देपुर और जागृति विहार क्षेत्र के लोग राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित लोगों की समस्याओं और कारोबार पर पड़ने वाले संभावित असर की जानकारी सांसद को दी। व्यापारियों ने कहा कि उनके सामने रोजगार, कारोबार और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद व्यापारी, दुकानदार और आम नागरिक चिंतित हैं। उन्होंने डॉ. वाजपेयी से प्रधानमंत्री तक उनकी बात पहुंचाने के साथ ही प्रदेश और केंद्र सरकार के स्तर पर राहत दिलाने के लिए सहयोग मांगा।
16,726 संपत्तियों से जुड़ा है मामला
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एमडीए ने शहर को चार जोन में बांटा था। जोन-ए में 16,726 संपत्तियों को अवैध निर्माण से संबंधित बताया गया है। इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई से पहले आवासीय भवनों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों से संबंधित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद प्रभावित कारोबारियों और परिवारों में चिंता का माहौल है।
दस्तावेज जुटाकर सांसद को देंगे जानकारी
डॉ. वाजपेयी ने प्रतिनिधिमंडल से पूरे मामले की जानकारी ली और कुछ बिंदुओं पर अतिरिक्त तथ्य व दस्तावेज मांगे। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार संबंधित जानकारी एक-दो दिन में जुटाकर सांसद को दी जाएगी। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
व्यापारियों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में भी अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से प्रभावित लोगों का पक्ष रखने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार के सामने भी अपनी समस्याएं रखी जाएंगी। डॉ. वाजपेयी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों के लिए उनके साथ खड़े हैं।

No comments:
Post a Comment