28 केंद्रों पर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा, 52% अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

13,024 अभ्यर्थी थे पंजीकृत, 6,233 ने दी परीक्षा; सुरक्षा जांच के बाद मिला प्रवेश, दिव्यांगों को अतिरिक्त समय

मेरठ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा रविवार को मेरठ में 28 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए 13,024 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, लेकिन इनमें से 6,233 ही परीक्षा में शामिल हुए। 6,791 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई।

जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रकाश शुक्ल ने बताया कि परीक्षा को लेकर प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सह केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य निरीक्षकों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

मेटल डिटेक्टर से जांच, मोबाइल ले जाने पर रोक

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से जांच कर प्रवेश दिया गया। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, डिजिटल घड़ी समेत परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाली किसी भी सामग्री को केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी।

अलीगढ़ से आए अभ्यर्थी बोले- पेपर ज्यादा कठिन नहीं था

अलीगढ़ से परीक्षा देने आए शादाब ने बताया कि शुरुआत में पेपर सामान्य लगा और बाद में सोशल साइंस का हिस्सा भी बेहतर रहा। उनके अनुसार सवाल ऐसे थे, जिनकी अभ्यर्थी लंबे समय से तैयारी कर रहे थे और पेपर में कुछ भी बहुत मुश्किल नहीं लगा।

दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिला अतिरिक्त समय

40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र अभ्यर्थियों को मांग के आधार पर श्रुतलेखक की सुविधा दी गई। ऐसे अभ्यर्थियों को प्रत्येक घंटे के लिए 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर की मूल प्रति सुरक्षित कराई गई, जबकि प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर की अभ्यर्थी प्रति अभ्यर्थियों को अपने साथ ले जाने की अनुमति दी गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts