चार घंटे बंद रहेंगी बिजली बिलिंग सेवाएं, 24 अक्टूबर की रात 10 बजे से रहेगी परेशानी
ऑनलाइन बिल भुगतान, बिल जनरेशन और उपभोक्ता पोर्टल की सेवाएं 25 अक्टूबर की सुबह दो बजे तक रहेंगी बाधित
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम (पीवीवीएनएल) के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में 24 अक्टूबर की रात चार घंटे तक बिजली बिलिंग से जुड़ी सेवाएं बंद रहेंगी। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की ओर से रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम (आरएमएस) के तकनीकी रखरखाव और परीक्षण के लिए डीआर-डीसी स्विच ओवर ड्रिल निर्धारित की गई है। इसके चलते 24 अक्टूबर की रात 10 बजे से 25 अक्टूबर की सुबह दो बजे तक बिलिंग सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित रहेंगी।
इस दौरान ऑनलाइन और ऑफलाइन बिजली बिल जमा करने, बिल जनरेट करने तथा डब्ल्यूएसएस उपभोक्ता पोर्टल, कंज्यूमर मोबाइल एप और अन्य ऑनलाइन उपभोक्ता सेवाओं का संचालन नहीं हो सकेगा।
पश्चिमांचल डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली बिल का भुगतान और अन्य ऑनलाइन कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर लें। सेवाएं 25 अक्टूबर की सुबह दो बजे के बाद फिर से उपलब्ध होने की उम्मीद है। निगम ने कहा है कि उपभोक्ता समय रहते अपने जरूरी कार्य निपटा लें, ताकि तकनीकी रखरखाव के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।


No comments:
Post a Comment