जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा मेरठ, भरत-राम मिलन ने किया भावुक

फूलों की वर्षा, भव्य झांकियों और आतिशबाजी के बीच निकली भरत मिलाप यात्रा, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने किया स्वागत

मेरठ। शहर में गुरुवार को भरत मिलाप का आयोजन भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी के सजे-धजे डोलों के दर्शन के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भव्य झांकियों, आधुनिक रोशनी और आतिशबाजी ने आयोजन को आकर्षक बना दिया।

श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी की ओर से भरत मिलाप लीला का मंचन किया गया। हनुमान जी की पैदल यात्रा श्री सनातन धर्म मंदिर, बुढ़ाना गेट से सुभाष बाजार, तहसील, गुदड़ी बाजार, बजाजा और सर्राफा होते हुए अनाज मंडी पहुंची। भरत जी का जुलूस अनाज मंडी से कबाड़ी बाजार होते हुए शारदा रोड पहुंचा, जबकि श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का जुलूस शिव मंदिर पंजया से वहां पहुंचा। इसी स्थान पर भरत-राम मिलाप संपन्न हुआ। वनवासी राम से राजा श्रीराम के स्वरूप के दर्शन और भाइयों के मिलन के भावुक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

एक अन्य भव्य शोभायात्रा गिनदौड़िया धर्मशाला से शुरू होकर दिल्ली गेट पुलिस चौकी, ब्रह्मपुरी मेन रोड, शास्त्री की कोठी और जेनिस पैलेस माधवपुरम होते हुए दिल्ली रोड स्थित हनुमान मंदिर पर संपन्न हुई। पूरी यात्रा के दौरान फूलों की बौछार, आतिशबाजी और जयघोष से माहौल उत्सवमय बना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों कमल दत्त शर्मा, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार और मुकेश सिंघल का पटका, माला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। भरत मिलाप आयोजन समिति के मुख्य संयोजक राकेश गौड़, अध्यक्ष विनीत गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत गर्ग, महामंत्री अतुल दीक्षित, कोषाध्यक्ष अमन सिंघल, संयोजक एडवोकेट प्रवीण कुमार और मार्गदर्शक डॉ. टीसी शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि 23 अक्टूबर को शाम छह बजे श्री सनातन धर्म मंदिर, बुढ़ाना गेट से भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन में महामंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल बबलू, डॉ. आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल और कार्यालय प्रभारी अनिल वर्मा सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts