आईसीआईसीआई लाइफ वित्त वर्ष 2027 तक जोड़ेगी 20 हजार महिला एडवाइजर
‘नारीशक्ति’ पहल के दो साल पूरे, कंपनी के एजेंसी कारोबार में महिलाओं का योगदान 45 प्रतिशत; 78 हजार से अधिक महिला एडवाइजर जुड़ीं
मुंबई, अक्टूबर। नवरात्रि के अवसर पर आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस ने अपनी ‘नारीशक्ति’ पहल के तहत वित्त वर्ष 2027 के अंत तक देशभर में 20 हजार नई महिला एडवाइजर जोड़ने की घोषणा की है। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी से 78 हजार से अधिक महिला एडवाइजर जुड़ चुकी थीं। कंपनी के एजेंसी कारोबार में उनका योगदान लगभग 45 प्रतिशत है। यह घोषणा पहल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर की गई।
कंपनी के चीफ डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिसर अमीश बैंकर ने कहा कि प्रतिभा का किसी लिंग से संबंध नहीं होता। महिला एडवाइजर ग्राहकों की जरूरतों को समझने, उनके लिए उपयुक्त बीमा समाधान चुनने और पॉलिसी लेने के बाद भी भरोसेमंद संबंध बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी के कुल एडवाइजर में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 32 प्रतिशत है, जबकि एजेंसी कारोबार में उनका योगदान 45 प्रतिशत है। बेंगलुरु, केरल और मुंबई जैसे क्षेत्रों में यह योगदान 50 प्रतिशत से अधिक रहा है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
कंपनी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक उसकी 47 प्रतिशत महिला एडवाइजर 10 साल से अधिक समय से जुड़ी हुई थीं। वर्ष 2024 में शुरू की गई ‘नारीशक्ति’ पहल महिलाओं को बिना शुरुआती निवेश के वित्तीय सलाहकार के रूप में करियर बनाने का अवसर देती है। इसके तहत महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार काम करते हुए परिवार और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बना सकती हैं।
अमीश बैंकर ने कहा कि पहल का उद्देश्य महिलाओं को प्रशिक्षण और जरूरी सहयोग देकर उनकी क्षमताओं को आगे लाना है। कंपनी अधिक महिलाओं को बीमा क्षेत्र से जोड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना चाहती है। साथ ही, यह पहल वर्ष 2047 तक सभी के लिए बीमा सुरक्षा के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देने की दिशा में भी काम करेगी।


No comments:
Post a Comment