तंशी आर्ट्स स्टूडियो में सजी ‘दिवाली एडिट’ प्रदर्शनी, कला और परंपरा का अनूठा संगम

महिला उद्यमियों और स्थानीय डिजाइनरों के उत्पाद बने आकर्षण, राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने किया शुभारंभ

देहरादून, 22 अक्टूबर। तंशी आर्ट्स स्टूडियो, तिलक रोड स्थित परिसर में गुरुवार को ‘दिवाली एडिट’ लाइफस्टाइल प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने रिबन काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यहां भारतीय कला, पारंपरिक शिल्प और आधुनिक लाइफस्टाइल का आकर्षक संगम देखने को मिला।

प्रदर्शनी में दिवाली की सजावट, आकर्षक परिधान, बेड एवं टेबल लिनेन, पॉटरी, मोमबत्तियां, आभूषण और विभिन्न लाइफस्टाइल उत्पाद प्रदर्शित किए गए। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं, डिजाइनरों और महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराने के साथ स्वदेशी उत्पादों तथा भारतीय कला-संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।

राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां भारतीय कला, संस्कृति और पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर देती हैं। भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने कहा कि दिवाली परंपराओं, रचनात्मकता और खुशियों का पर्व है। ऐसे आयोजन महिला उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने भी इसे महिलाओं और स्थानीय कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री रितु मित्रा, बाल विकास आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, आयोजक एवं समाजसेवी स्मृति लाल, समाजसेवी किरण गोयल, मॉडल सात्विका गोयल, नलिनी तनेजा, रजनी गोसाईं, पूनम आनंद, संगीता गुप्ता और मनीषा अग्निहोत्री सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिला उद्यमियों के उत्पादों और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।

आयोजक स्मृति लाल ने कहा कि ‘दिवाली एडिट’ के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर त्योहार से जुड़ी सजावट, हस्तशिल्प, परिधान और लाइफस्टाइल उत्पादों की विविधता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। प्रदर्शनी ने उत्सवी माहौल के बीच स्थानीय उत्पादों और भारतीय परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts