मुस्कान-साहिल और रविता-अमरदीप की फांसी पर अगला कदम, हाईकोर्ट भेजी गईं फाइलें

मेरठ के दो चर्चित हत्याकांड में चारों दोषियों को जिला अदालत सुना चुकी है मृत्युदंड; हाईकोर्ट की पुष्टि के बाद सुप्रीम कोर्ट में होगी अगली प्रक्रिया

मेरठ। मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड और सांपकांड में मृत्युदंड की सजा पाए चारों दोषियों से जुड़े मामलों की फाइलें हाईकोर्ट में कंफरमेशन के लिए भेज दी गई हैं। जिला अदालत से फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद अब मृत्युदंड की पुष्टि की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। हाईकोर्ट से पुष्टि होने के बाद मामले सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकते हैं।

जिला शासकीय अधिवक्ता (डीजीसी) केके चौबे के मुताबिक, मुस्कान-साहिल और रविता-अमरदीप, दोनों मामलों में जिला अदालत मृत्युदंड की सजा सुना चुकी है। इन मामलों की फाइलें बुधवार को हाईकोर्ट भेजी गई हैं। हाईकोर्ट की पुष्टि के बाद आगे की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट में होगी।

14 और 16 अक्टूबर को सुनाई गई थी सजा

नीले ड्रम हत्याकांड में मेरठ के जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने 14 अक्टूबर को मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी। वहीं, सांपकांड में एडीजे-12 जयवीर सिंह नागर की अदालत ने 16 अक्टूबर को रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड दिया था।



नीले ड्रम में मिला था सौरभ का शव

मुस्कान और साहिल पर सौरभ राजपूत की हत्या का आरोप था। अभियोजन के अनुसार, दोनों ने सौरभ के सीने पर चाकू से वार कर उसकी हत्या की और शव के टुकड़े कर नीले प्लास्टिक के ड्रम में डाल दिए थे। ड्रम में सीमेंट और रेत का घोल डालकर शव को छिपाने की कोशिश की गई थी। इसके बाद दोनों कुछ समय के लिए घूमने चले गए थे। वर्ष 2025 में सामने आए इस मामले ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं।

अमित कश्यप की हत्या को सांप के काटने का रूप देने की कोशिश

दूसरे मामले में रविता और अमरदीप को अमित कश्यप की हत्या का दोषी ठहराया गया। अभियोजन के मुताबिक, अमित को नशीला दूध पिलाने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और घटना को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई। हालांकि, पोस्टमार्टम और जांच में मामला सामने आया। यह वारदात भी वर्ष 2025 में मेरठ में हुई थी।

मृत्युदंड की पुष्टि के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

कानूनी प्रक्रिया के तहत सत्र अदालत द्वारा सुनाई गई मृत्युदंड की सजा को लागू करने से पहले हाईकोर्ट की पुष्टि आवश्यक होती है। ऐसे में दोनों मामलों में हाईकोर्ट की सुनवाई और निर्णय अगला अहम चरण होगा। इसके बाद संबंधित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार सुप्रीम कोर्ट में भी मामला पहुंच सकता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts