तलाक के बाद तनाव में था शुभम, बहन को मैसेज भेजकर दी जान देने की सूचना
दो साल पहले किया था प्रेम विवाह, डेढ़ साल पहले हुआ तलाक; चाचा के घर कमरे में फंदे पर मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के श्रद्धापुरी फेस-2 निवासी शुभम श्रीवास्तव ने गुरुवार तड़के नौचंदी थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी में अपने चाचा के घर फंदे पर लटककर जान दे दी। घटना से पहले उसने अपनी बहन को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर जान देने की बात कही थी। बहन ने सुबह मैसेज देखा, लेकिन तब तक शुभम की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रेम विवाह के बाद हो गया था तलाक
मृतक शुभम श्रीवास्तव पुत्र मनोज श्रीवास्तव ने करीब दो साल पहले सुभाष नगर निवासी विधि से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों मेडिकल थाना क्षेत्र में एक फ्लैट में रहने लगे थे। विधि एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और करीब डेढ़ साल पहले उनका तलाक हो गया। इसके बाद से शुभम तनाव में रहने लगा था। करीब दो महीने पहले वह काम करने के लिए दिल्ली चला गया था।
बहन को भेजा मैसेज, सुबह मिला शव
परिजनों के अनुसार, शुभम तीन दिन पहले नौचंदी थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी में रहने वाले अपने चाचा राकेश के घर आया था। बुधवार देर रात करीब 3:30 बजे उसने अपनी बहन कोमल को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा कि वह फंदा लगाकर जान देने जा रहा है। बहन ने सुबह मैसेज देखा। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे चाचा राकेश कमरे में पहुंचे तो शुभम का शव फंदे पर लटका मिला। यह देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
बेटे की मौत से परिवार में मातम
शुभम के पिता मनोज श्रीवास्तव गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके दो बच्चे थे। शुभम बड़ा बेटा था, जबकि बेटी कोमल छोटी है। पिता के मुताबिक, शुभम अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता था और उसने अपने सीने पर उसके नाम का टैटू भी बनवाया था। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
नौचंदी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिविल लाइन दीक्षा भोरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment