साइबर ठगी से बचाव के लिए ग्रामीण महिलाओं को किया जागरूक

केनरा बैंक ने भगवानपुर में आयोजित की ग्राम सभा, ओटीपी-पिन साझा न करने और ठगी पर 1930 पर शिकायत करने की दी सलाह

मेरठ। सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ की ओर से भगवानपुर, ब्लॉक मवाना कलां में ग्राम सभा आयोजित की गई। इसमें करीब 50 से 60 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक विकास कुमार यादव ने बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय समावेशन और ग्राहक हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। एलडीएम राकेश खन्ना ने कहा कि डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आसपास होने वाली साइबर ठगी की घटनाओं की जानकारी साइबर सेल तक पहुंचानी चाहिए। बैंक के सतर्कता अधिकारी मनीष कुमार वार्ष्णेय ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, मनी म्यूल खाते, ओटीपी, यूपीआई और क्यूआर कोड के जरिए होने वाली ठगी के तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी से भी ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध कॉल, लिंक और संदेशों से भी सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। आरसेटी मेरठ के निदेशक निशांत गौतम ने वित्तीय साक्षरता और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक तुषार दलाकोटी, माधुरी शर्मा, रमेश जोशी, ओम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन रमेश जोशी ने किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts