एमएलसी चुनाव में शिक्षकों का जोश, स्नातक मतदाताओं में सुस्ती

शिक्षक सीट पर 46.66%, स्नातक सीट पर 30.38% मतदान; शास्त्रीनगर में चाय देने को लेकर भाजपाइयों का हंगामा

मंडलायुक्त, डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मेरठ। मेरठ खंड के शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को शिक्षकों ने स्नातक मतदाताओं की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जनपदों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। दोनों सीटों पर आठ स्नातक और दस शिक्षक प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई। मतगणना 27 अक्टूबर को मोदीपुरम स्थित कृषि विश्वविद्यालय परिसर में होगी।

सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चला। दोपहर दो बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 46.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि स्नातक सीट पर 30.38 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी विभिन्न केंद्रों पर भ्रमण करते रहे।



शास्त्रीनगर में चाय देने को लेकर हंगामा

शास्त्रीनगर स्थित आवास विकास कार्यालय में बने मतदान केंद्र के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब भाजपा कार्यकर्ता अंदर ड्यूटी कर रहे अपने कार्यकर्ताओं को चाय देने जाने लगे। गेट पर तैनात पुलिसकर्मी ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। पुलिसकर्मी का कहना था कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार किसी भी कार्यकर्ता को मतदान केंद्र के भीतर जाने की अनुमति नहीं है।

इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। मौके पर पहुंचे चुनाव अधिकारी ने उन्हें समझाया और एक व्यक्ति को अंदर भेजकर ड्यूटी कर रहे कार्यकर्ता को बाहर बुलाकर चाय देने की व्यवस्था कराई। इसके बाद मामला शांत हुआ।



मोबाइल बाहर जमा कराकर हुई जांच

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान करने पहुंचे मतदाताओं के मोबाइल फोन बाहर जमा कराए गए। केंद्र के भीतर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों के मोबाइल भी बाहर रखवाए गए। प्रवेश से पहले मतदाताओं की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई।



मेरठ में स्नातक के 77 और शिक्षक के 30 बूथ

मेरठ जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 77 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 30 मतदान केंद्र बनाए गए थे। नौ जनपदों में स्नातक सीट के लिए कुल 382 और शिक्षक सीट के लिए 130 बूथों पर मतदान हुआ। मतदान से एक दिन पहले पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई थीं।

मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा और समाजवादी पार्टी के मतदाता सहायता शिविर दिखाई दिए। भाजपा प्रत्याशियों के शिविरों पर कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक नजर आई। मतदान केंद्रों के भीतर भाजपा प्रत्याशियों के एजेंट भी मौजूद रहे।



27 अक्टूबर को होगी मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। मेरठ समेत अन्य जनपदों की मतपेटियां मोदीपुरम स्थित कृषि विश्वविद्यालय परिसर में रखी गई हैं। अब 27 अक्टूबर को मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा और सपा के नितिन कुमार तोमर समेत दस प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेंद्र सिंह समेत आठ प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts