खोखला होता भरोसा
राजीव त्यागी
आज के ई-युग में हमारा दायरा जितना बड़ा होता जा रहा है, भरोसे की दीवार में उतने ही छेद बढ़ते जा रहे हैं। एक ओर जहां सोशल मीडिया पर ‘दावों’ के साथ अनेक बेबुनियाद चीजें परोसी जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर कहां और किस स्तर पर किसी के साथ कितना बड़ा धोखा हो जाये कहा नहीं जा सकता। असल में आज के ई-युग में हमारा दायरा जितना बड़ा होता जा रहा है, भरोसे की दीवार में उतने ही छेद बढ़ते जा रहे हैं। उधर, साइबर ठग हैं जो हर समय इसी पर मंथन करते रहते हैं कि अब कौन-सा जाल बिछाया जाये, इधर, ऐसे भी मामले सामने आए हैं कि जिन पर विश्वास का एक लेबल चस्पां था, वे ही अविश्वास का जाल बुनते रहे।
आयेदिन ऐसी खबरें आती हैं कि जिन पर भरोसा था, उन्होंने ही इसे तोड़ा। भरोसे की दीवार पर चारों ओर से चोट हो रही है। अनेक जगह डॉक्टरों पर आरोप लगते हैं कि उन्होंने मिलीभगत से किसी के इलाज में उन दवाओं और उपकरणों के प्रयोग को भी शामिल किया जिनकी वहां जरूरत ही नहीं थी। सवाल यही कि ‘किस पर करें यकीन।’ सोशल मीडिया मंचों पर ‘लाइक्स’ और ‘व्यूज’ के चक्कर में कोई आयुर्वेद का जानकार बना फिर रहा है तो कोई चुटकियों में बीमारी को खत्म करने का दावा कर रहा है। इसे इस तरीके से परोसा जा रहा है कि अच्छा-खासा समझदार भी उनके झांसे में आ जाये। पिछले दिनों पंजाब के अमृतसर, बिहार-झारखंड के कुछ इलाकों और उत्तराखंड से खबरें आईं कि कुछ लोग एंबुलेंस के जरिये नशे का काला कारोबार कर रहे थे।
एक एंबुलेंस में तो एक महिला को फर्जी बीमार बनाकर लिटाया गया था। शक के आधार पर एंबुलेंस को रोका गया तो पूरा खुलासा हुआ। वैसे, चारों तरफ अविश्वास और धोखे के आज के माहौल में भी तस्वीर बिल्कुल स्याह नहीं है। अनेक डॉक्टर हैं जो अस्पतालों में अपनी ड्यूटी से ज्यादा समय लगा रहे हैं। अनेक अधिकारी हैं जो नि:शुल्क सेवा भी कर रहे हैं। अनेक समाज सुधारक हैं जो समाज के लिए काम कर रहे हैं।
जरूरत है इस बात की कि आज का मीडिया भी धोखे, अविश्वास की खबरों का महिमामंडन करने के बजाय प्रेरक कहानियों को ज्यादा स्थान दे। साथ ही जरूरत है इस बात की भी कि हर जिम्मेदार नागरिक अपना कर्तव्य सही से निभाये। यह कर्तव्य निर्वहन अपनी नौकरी, घर-परिवार और समाज से शुरू होनी चाहिए। भरोसा तो कायम करना होगा। विश्वास बहाली तो बेहद जरूरी है। उसी शेर की तरह जिसमें कहा गया है, ‘हर-चंद एतबार में धोखे भी हैं मगर, ये तो नहीं किसी पे भरोसा किया न जाए।’ हम सबको भरोसा बहाली में अपने-अपने स्तर पर प्रयास करने चाहिए।





No comments:
Post a Comment