तीसरी मंजिल पर हुआ हादसा, बचाने पहुंचे अमेरिकी नागरिक समेत दो लोग घायल; अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में स्विमिंग पूल में करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हलसुरू इलाके के होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्विमिंग पूल में हुआ। मृतकों में जर्मनी और स्लोवाकिया के नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बेंगलुरु ईस्ट डिवीजन के डीसीपी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम का है। स्विमिंग पूल में संदिग्ध परिस्थितियों में करंट फैलने से दोनों विदेशी नागरिक इसकी चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बचाने पहुंचे अमेरिकी नागरिक समेत दो घायल
हादसे के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें होटल में ठहरे एक अमेरिकी नागरिक और भारतीय पूल अटेंडेंट शामिल हैं। दोनों को उपचार के लिए मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
मामला दर्ज, करंट फैलने के कारणों की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। होटल के स्विमिंग पूल में करंट कैसे फैला और सुरक्षा इंतजामों में कोई लापरवाही हुई या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद होटल की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था भी जांच के दायरे में है।


No comments:
Post a Comment