ट्रंप के मार-ए-लागो आवास के बाहर मिसाइलों का पहरा, अमेरिकी सेना ने तैनात किए एयर डिफेंस सिस्टम

ईरान की धमकियों और ड्रोन हमलों की आशंका के बीच बढ़ाई सुरक्षा, हर सिस्टम में आठ स्टिंगर मिसाइलें तैनात करने की क्षमता

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित उनके आलीशान आवास मार-ए-लागो और पास के डोनाल्ड जे. ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास अमेरिकी सेना ने अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए हैं। इनकी तैनाती ऐसे समय की गई है, जब ईरान की ओर से ट्रंप को पहले जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं और अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

द वार जोन की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले इन सिस्टमों को तैनात किया गया था। हालांकि, अमेरिकी सेना ने इस तैनाती के पीछे किसी विशेष खतरे की पुष्टि नहीं की है। ड्रोन हमलों की आशंका और राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मार-ए-लागो के आसपास अवेंजर मिसाइल सिस्टम तैनात

ट्रंप के आवास और एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए AN/TWQ-1 अवेंजर शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम हमवी सैन्य वाहन पर स्थापित होता है और कम दूरी से आने वाले हवाई खतरों को रोकने में सक्षम है। इसे लड़ाकू विमानों, हेलिकॉप्टरों, छोटे विमानों और ड्रोन जैसे हवाई खतरों से निपटने के लिए तैयार किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मार-ए-लागो के पास लेक वर्थ लैगून के किनारे एक तैरते प्लेटफॉर्म पर दो अवेंजर सिस्टम और समुद्र तट पर एक सिस्टम दिखाई दिया है। वहीं, पास के ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी कम से कम दो सिस्टम तैनात किए जाने की जानकारी सामने आई है।

एक सिस्टम में आठ स्टिंगर मिसाइलें

अवेंजर सिस्टम में दो मिसाइल लॉन्चर होते हैं। प्रत्येक लॉन्चर में चार स्टिंगर मिसाइलें लगाई जा सकती हैं। इस तरह एक सिस्टम में कुल आठ मिसाइलें तैनात करने की क्षमता है। ये मिसाइलें अपने लक्ष्य से निकलने वाली गर्मी को पहचानकर उसकी ओर बढ़ती हैं।

इसकी खासियत यह है कि इसे जरूरत के अनुसार सैन्य वाहन के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर तेजी से पहुंचाया जा सकता है। नए संस्करणों को छोटे ड्रोन जैसे हवाई खतरों से निपटने के लिए भी बेहतर बनाया गया है।

ईरान की धमकियों के बीच बढ़ी चिंता

ट्रंप को पहले भी ईरान की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ हमले की कोशिशों और ड्रोन से संभावित खतरे ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई है। अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा सैन्य टकराव की आशंका भी बनी हुई है।

हालांकि, अमेरिकी सेना ने यह नहीं बताया है कि अवेंजर सिस्टम की तैनाती किसी विशिष्ट खुफिया चेतावनी के बाद की गई है या यह नियमित सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। फिलहाल ट्रंप के निजी आवास और आसपास के महत्वपूर्ण ठिकानों की हवाई सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत कर दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts