कैप्टन स्मित मच्छार को मिलेगा ‘गुजरात गरिमा पुरस्कार’
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने की बड़ी घोषणाअहमदाबाद (एजेंसी)।फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की दुनियाभर में सराहना हो रही है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन स्मित की वीरता को सलाम करते हुए उनके सम्मान में राज्य सरकार की ओर से 'विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार' देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा गुजरात उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि आज पूरी दुनिया कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को सलाम कर रही है। गुजरात के इस वीर सपूत ने अपनी बहादुरी से गुजरात के साथ पूरे देश का नाम दुनियाभर में रोशन किया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा था कि आसमान में कैप्टन स्मित ने जो अदम्य साहस और वीरता दिखाई, वह कल्पना से परे है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया, बड़ी त्रासदी को टाला और यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन स्मित की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे गौरवान्वित भारतीय हैं और उनकी रगों में गुजराती खून दौड़ता है। उन्होंने कहा कि गुजराती मूल के इस बहादुर सपूत ने वैश्विक मंच पर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने कैप्टन स्मित की असाधारण वीरता और मानवता को सलाम करते हुए उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।


No comments:
Post a Comment