नीले ड्रम कांड: पुलिस ने खुलवाया सौरभ-मुस्कान के मकान का ताला, बेटे का सामान लेकर भावुक हुई मां

हत्या वाले कमरे में पहुंचते ही फफक पड़ीं रेणु देवी, चूहों ने कपड़े, गद्दे और पीहू के खिलौने तक कुतरे; परिजन 14,500 रुपये नकद समेत घरेलू सामान ले गए

मेरठ। बहुचर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में बृहस्पतिवार को ब्रह्मपुरी स्थित सौरभ राजपूत और मुस्कान के किराये के मकान का ताला पुलिस ने खुलवा दिया। लंबे समय से सील पड़े मकान के दोनों ताले ईंटों से तोड़े गए। पहले मुख्य गेट और फिर अंदर जाने वाले दरवाजे का ताला खोला गया। इस दौरान सौरभ की मां रेणु देवी, बड़े भाई राहुल उर्फ बबलू और मकान मालिक ओमपाल सिंह मौजूद रहे। पुलिस ने मकान में रखे सामान की सूची तैयार कर लिखापढ़ी के बाद सौरभ के परिजनों को सामान सौंप दिया।

हत्या वाले कमरे में पहुंचते ही छलक पड़े मां के आंसू

मकान के अंदर सौरभ के कपड़े और घरेलू सामान देखकर उसकी मां और भाई भावुक हो गए। जिस कमरे में सौरभ की हत्या कर शव के टुकड़े नीले ड्रम में बंद किए गए थे, वहां पहुंचते ही मां और भाई फफक पड़े। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें संभाला। कमरे में पीहू की किताबें और खिलौने भी बिखरे पड़े थे। लंबे समय तक मकान बंद रहने के कारण चूहों ने कपड़े, गद्दे और अन्य सामान को कुतर दिया था।

बाथरूम में टंगी मिली सौरभ की बनियान

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मकान लंबे समय से बंद था। इस कारण अंदर रखे कपड़े, गद्दे और अन्य सामान चूहों ने खराब कर दिए थे। पूरे मकान में कपड़े, जूते और घरेलू सामान बिखरा मिला। बाथरूम में सौरभ की बनियान टंगी हुई थी। पीहू की किताबें और खिलौने भी चूहों ने कुतर दिए थे।

14,500 रुपये नकद और घरेलू सामान ले गए परिजन

पुलिस ने सामान की पूरी सूची तैयार की और उसे जनरल डायरी में दर्ज करने की प्रक्रिया की। सौरभ के परिजन उसके कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य घरेलू सामान अपने साथ ले गए। इसमें फ्रिज, वॉशिंग मशीन, टीवी, मिक्सी, गैस, इन्वर्टर-बैटरी, पलंग, अलमारी, गद्दे, पंखा, हीटर, बर्तन, जूते, मोबाइल और अन्य सामान शामिल हैं।

इसके अलावा बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल चार्जर, चांदी के बिछुए-पायल, सोने का लॉकेट और 14,500 रुपये नकद भी परिजनों ने अपने कब्जे में लिए। मुस्कान और पीहू के कपड़े व खिलौने मकान में ही छोड़ दिए गए।

मां के साथ जेल पहुंचीं पूनम पंडित, दोनों आरोपियों को अलग रखने की मांग

उधर, सौरभ हत्याकांड में फांसी की सजा पा चुकी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला जिला कारागार में बंद हैं। बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित सौरभ की मां रेणु देवी के साथ चौधरी चरण सिंह जिला कारागार पहुंचीं। यहां उन्होंने वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने मुस्कान और साहिल को अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित करने की मांग उठाई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts