भूटान में ग्लेशियर झील फटी, सैलाब में बहा मशहूर गर्म पानी का कुंड; बंगाल-असम में बाढ़ का अलर्ट
पुनाखा-गासा हाईवे क्षतिग्रस्त, सड़कें और सिंचाई सिस्टम तबाह; संकोश नदी का जलस्तर बढ़ने से भारत में खतरा, अलीपुरद्वार में 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए
थिम्पू/कोलकाता। भूटान में गुरुवार देर रात ग्लेशियर झील शिंताफू तशो के फटने से भारी तबाही मच गई। झील से निकले पानी के तेज बहाव में भूटान का मशहूर गर्म पानी का कुंड 'गासा त्शाचु' बह गया। बाढ़ के कारण पुनाखा-गासा हाईवे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कई सड़कों पर मलबा जमा होने से यातायात रोकना पड़ा। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
झील से निकले पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यह नदी भूटान से निकलकर भारत में असम और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों से गुजरती है और आगे ब्रह्मपुत्र नदी में मिलती है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए दोनों राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।
भूटान के गासा जिले में फटी झील
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर की शाम भूटान के गासा जिले के लुंगो, लाया गेओग क्षेत्र में स्थित शिंताफू तशो झील से अचानक पानी निकलने लगा। यह झील वाकिला पर्वत के नीचे स्थित है और भूटान की संभावित खतरनाक 17 ग्लेशियर झीलों में शामिल है। झील से निकला पानी मो छू नदी के जलग्रहण क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा। रात करीब 8:15 बजे तक बाढ़ का पानी ताकत्सेमाखांग इलाके में पहुंच गया। तेज बहाव ने गासा त्शाचु हॉट स्प्रिंग के आसपास बने भवनों और सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया।
हाईवे टूटा, सड़कें मलबे से पटीं
बाढ़ के कारण भूटान में जनजीवन प्रभावित हुआ है। लाया गांव की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया। पुनाखा-गासा हाईवे के द्जोमलिंगथांग क्षेत्र में मलबा जमा होने से आवाजाही बाधित हुई। इसके अलावा पुनाखा जिले के गूमा गेओग में लगा सोलर सिंचाई लिफ्टिंग सिस्टम भी क्षतिग्रस्त हो गया और काम करना बंद कर चुका है।
6 से 8 घंटे में भारत पहुंचने की आशंका
भूटान से निकला बाढ़ का पानी करीब 6 से 8 घंटे में भारत-भूटान सीमा तक पहुंचने की आशंका जताई गई। पानी मो छू और फो छू नदियों से होते हुए पुनात्सांगछू नदी तंत्र में पहुंचता है। आगे यही जलधारा भारत में संकोश नदी के रूप में बहती है। इससे असम और पश्चिम बंगाल के नदी किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
बंगाल में 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
बाढ़ की आशंका के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में प्रशासन ने 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया है। रातभर सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया और जल्द से जल्द घर खाली करने की अपील की गई। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात की गई हैं।
असम के धुबरी और पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी समेत नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


No comments:
Post a Comment