‘भीड़ का हिस्सा नहीं, ट्रेंडसेटर बनें’, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

‘Gen Z × Gurudev 2.0’ में 2,000 युवाओं से खुला संवाद, सोशल मीडिया की चिंता, असफलता और आत्मविश्वास जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा

बेंगलुरु, लोकसत्य। गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने युवाओं को अपनी अलग पहचान बनाने, असफलताओं से सीखने और जीवन में उत्साह बनाए रखने का संदेश दिया। ‘Gen Z × Gurudev 2.0’ कार्यक्रम में करीब 2,000 युवाओं के साथ हुए संवाद में उन्होंने कहा, “आप ट्रेंडसेटर बनिए।” कार्यक्रम में युवाओं ने सोशल मीडिया से पैदा होने वाली चिंता, लोगों की राय, आत्मविश्वास, असफलता और जीवन की चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे। गुरुदेव ने सहजता, विनोद और व्यावहारिक समझ के साथ उनके सवालों के जवाब दिए।

युवाओं ने पूछा कि असफल होने के बाद दोबारा कैसे आगे बढ़ें और दूसरों की राय की चिंता से कैसे बाहर निकलें। इस पर गुरुदेव ने परिणामों के प्रति संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जो भी परिस्थिति सामने आए, उसे सहजता से स्वीकार करना चाहिए। एक युवा ने साझा किया कि इस विचार से उसे यह समझने में मदद मिली कि कई बार असफल होने के बावजूद आगे बढ़ने की संभावनाएं समाप्त नहीं होतीं।

सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने और लोगों के सामने खुलकर आने में होने वाली झिझक पर गुरुदेव ने ध्यान, सुदर्शन क्रिया और भस्त्रिका के अभ्यास का सुझाव दिया। शरीर और रूप-रंग को लेकर मन में उठने वाली हीनभावना के सवाल पर उन्होंने याद दिलाया कि शरीर लगातार बदलता रहता है। युवाओं को अपनी क्षमताओं और व्यक्तित्व के विकास पर ध्यान देने की प्रेरणा दी गई।

बड़े उद्देश्य से दूर होंगे भेदभाव

जाति और नस्ल के आधार पर होने वाले भेदभाव से ऊपर उठने के सवाल पर गुरुदेव ने कहा कि किसी बड़े उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्धता लोगों को मतभेदों से ऊपर उठाकर एकजुट कर सकती है। धरती और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी ऐसा ही साझा उद्देश्य है। वहीं, लोगों के अपनापन और परवाह को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने सहज अंदाज में जवाब देकर माहौल को आत्मीय बना दिया। उन्होंने युवाओं को ज्ञान और विवेक को जीवन का केंद्र बनाने की प्रेरणा भी दी।

युवाओं की आत्महत्या के मुद्दे पर गुरुदेव ने गंभीरता से अपनी बात रखी। उन्होंने युवाओं से एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील रहने और प्रेम संबंध टूटने या परीक्षा में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने जैसी परिस्थितियों में निराश साथियों को संभालने में मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने संदेश दिया कि किसी एक असफलता को जीवन की संभावनाओं का अंत नहीं मानना चाहिए।

गुरुदेव ने युवाओं को करियर निर्माण के साथ नए कौशल सीखने तथा संगीत, कला और रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी समय निकालने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “दुनिया आपकी है। इस पर आपका अधिकार है। इसकी जिम्मेदारी भी लीजिए। आपके लिए आसमान ही सीमा है। अपने उत्साह और उमंग को कभी कम न होने दें।”

फिल्म के कलाकारों ने भी साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में फिल्म ‘हनुमान अंश-शोभिनव सत्य’ के प्रमुख कलाकार शोभिनव और पूर्णिमा तिवारी भी शामिल हुए। फिल्म में शोभिनव ने नीम करोली बाबा और पूर्णिमा तिवारी ने रामबेटी की भूमिका निभाई है। शोभिनव ने फिल्म को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने में जेन-जी की भूमिका का उल्लेख किया और सुदर्शन क्रिया सीखने का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि अभ्यास शुरू करने के पहले दिन से ही उन्हें अपने रोजमर्रा के व्यवहार और लोगों से बातचीत में बदलाव महसूस होने लगा।

भजन से ब्रेकडांस तक दिखा परंपरा और आधुनिकता का संगम

कार्यक्रम में भारतीय परंपरा और आधुनिक युवा संस्कृति का अनूठा मेल देखने को मिला। श्री श्री इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन स्टडीज ने फैशन शो प्रस्तुत किया। कथक नृत्यांगना अनार्घ्या पाटिल और मेघालय के चर्चित ब्रेकडांसर पद्मनाभ ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इंटरैक्टिव फ्लैश मॉब ने भी युवाओं को उत्साह से भर दिया।

आश्रम में रहकर पढ़ाई करने वाले मेघालय के बच्चों ने गुरुदेव के लोकप्रिय ‘राम राम राम’ भजन पर संगीतमय प्रस्तुति दी। वहीं, निर्वाण स्टेशन के ‘भजन क्लबिंग’ और ‘सुकून वाली कव्वाली’ ने भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत की ऊर्जा के साथ जोड़कर पेश किया।

बैंड के मुख्य गायक राजीव ने कहा कि जेन-जी भविष्य की पीढ़ी है, जो भटकाव और बढ़ते तनाव जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में युवाओं को विकास और खुशहाली की राह दिखाने के लिए गुरुदेव का प्रयास प्रेरणादायक है। ‘Gen Z × Gurudev 2.0’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts