कांग्रेस की बैठक से पहले मौत बनकर दौड़ा करंट, दो की मौत, 13 घायल
प्रतापगढ़ के रेणंदा गांव में तेज हवा से हाईटेंशन लाइन से टकराया टेंट का पाइप, विधायक नानालाल निनामा के पहुंचने से पहले हुआ हादसा
प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार को कांग्रेस की बैठक से पहले दर्दनाक हादसा हो गया। रेणंदा गांव में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के तहत आयोजित बैठक के लिए लगाए गए टेंट का पाइप हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तेज हवा के कारण टेंट संभालने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रेणंदा गांव में कांग्रेस की बैठक होनी थी, जिसमें 150 से 200 लोगों के शामिल होने की तैयारी थी। बैठक में कांग्रेस विधायक नानालाल निनामा भी पहुंचने वाले थे। उनके आने से पहले तेज हवा चलने लगी, जिससे टेंट उड़ने लगा। टेंट को संभालने के लिए वहां मौजूद लोगों ने उसके पाइप पकड़ लिए। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया और वहां मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गए।
दो लोगों की मौत, 13 घायल
हादसे में मोहन मीणा और अर्जुन मीणा की मौत हो गई। वहीं, 13 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
अस्पताल पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही एडीएम विजेश पंड्या और एएसपी जयदेव सिहाग जिला चिकित्सालय पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक नानालाल निनामा के पहुंचने से ठीक पहले हुए इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
एक दिन पहले कोटा में भी हुआ था हादसा
राजस्थान में लगातार दूसरे दिन बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार को कोटा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोटड़ी नहर में नाव पलटने से चार लोगों के बहने की खबर आई थी। इसके बाद प्रतापगढ़ में करंट से दो लोगों की मौत ने प्रदेश में चिंता बढ़ा दी है।


No comments:
Post a Comment