खादी महोत्सव में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन, नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
अदिति, लक्ष्मी प्रिया और शगुन की कला ने दर्शकों का जीता दिल, स्वदेशी उत्पादों की भी खूब हुई बिक्री
मेरठ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं महोत्सव 2026-27 में बुधवार शाम वाणी अनुसंधान केंद्र/स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने अपनी शानदार नृत्य एवं कलात्मक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह से पूरा आयोजन स्थल तालियों से गूंज उठा। वहीं, प्रदर्शनी में आमजन की भीड़ उमड़ती रही और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की जमकर बिक्री हुई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देप्रिया ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की अल्का गुप्ता, अध्यक्ष लेडीज क्लब एवं रोटरी क्लब मॉर्नाक मेरठ रहीं। विशिष्ट अतिथि भाजपा मेरठ महानगर की उपाध्यक्ष एवं आईटी सोशल मीडिया प्रभारी सीमा श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति में दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अदिति, लक्ष्मी प्रिया और शगुन की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर लोक गायिका नीता गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी मेरठ की आईटी सेल के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने खादी महोत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों में नई ऊर्जा भरने के साथ दिव्यांग बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी सुश्री मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना तथा आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। महोत्सव में आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इन उद्देश्यों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।




No comments:
Post a Comment