सहारनपुर में भाई ने दुपट्टे से गला घोंटकर की बहन की हत्या

रात में चारपाई पर गांव के युवक को देखने का दावा, बदनामी के डर और गुस्से में वारदात; पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार किया

सहारनपुर। नागल थाना क्षेत्र के एक गांव में 27 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बहन की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसका दावा है कि उसने रात में बहन की चारपाई पर गांव के एक युवक को देखा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद गुस्से और समाज में बदनामी होने की आशंका में उसने सोते समय दुपट्टे से बहन का गला घोंट दिया।

सुबह चारपाई पर मिला शव

घटना 16 अक्टूबर की है। युवती रात में घर के एक कमरे में सो रही थी, जबकि उसके माता-पिता अलग सोए हुए थे। सुबह परिजन कमरे में पहुंचे तो युवती का शव चारपाई पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवती के चाचा की तहरीर पर उसके भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

सुबह साढ़े तीन बजे युवक को देखने का दावा

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 16 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे उसकी आंख खुली तो उसने बहन की चारपाई पर गांव के एक युवक को देखा। आरोपी के मुताबिक, उसे देखकर युवक वहां से चला गया। इसके बाद उसने बहन से युवक के घर आने की वजह पूछी, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बताया कि विवाद के बाद वह अपनी चारपाई पर जाकर लेट गया, लेकिन उसके मन में गुस्सा बना रहा। बाद में बहन के सो जाने पर उसने गुलाबी रंग के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। शुरुआती जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया।

ग्राम सेवक अधिकारी के पद पर कार्यरत थी युवती

युवती परिवार में सबसे बड़ी बेटी थी। उसके दो छोटे भाई हैं। वह ग्राम सेवक अधिकारी के पद पर कार्यरत थी और भविष्य में बड़ी अधिकारी बनने का सपना देख रही थी। उसकी हत्या से परिवार में मातम पसरा है। जिस बेटी के भविष्य को लेकर परिजनों ने सपने संजोए थे, उसकी मौत से परिवार सदमे में है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts