राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी

2010 में हुई आत्महत्या से जुड़ा है मामला, टीवी शो में स्थानीय युवक पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप; कई बार बुलाने पर भी अदालत में नहीं हुईं पेश

झांसी। अभिनेत्री राखी सावंत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेश के झांसी की एक अदालत ने 16 साल पुराने आत्महत्या के मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, अदालत में कई बार बुलाए जाने के बावजूद राखी सावंत पेश नहीं हुईं। इसके बाद सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अंजलि ने शुक्रवार को वारंट जारी किया।

जिला सरकारी वकील (अपराध) मृदुल कांत श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि यह मामला झांसी के हंसारी प्रेम नगर निवासी लक्ष्मण अहिरवार की आत्महत्या से जुड़ा है। आरोप है कि राखी सावंत ने अपने टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ में लक्ष्मण के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद 10 नवंबर 2010 को लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी।

पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद को लेकर शो में पहुंचे थे

अभियोजन पक्ष के अनुसार, लक्ष्मण अहिरवार और उनकी पत्नी अनीता को वैवाहिक विवाद के चलते शो में बुलाया गया था। दोनों के बीच विवाद के बाद अनीता अपने मायके राजगढ़ लौट गई थीं। लक्ष्मण की मां सावित्री ने प्रेम नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि अक्टूबर 2010 में प्रसारित शो के एक एपिसोड में राखी सावंत ने उनके बेटे के लिए आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।

एक दिसंबर को अगली सुनवाई

जिला सरकारी वकील ने बताया कि मामले की अगली सुनवाई एक दिसंबर को निर्धारित की गई है। गैर-जमानती वारंट अदालत में आरोपी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जारी किया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों पर अदालत का अंतिम फैसला आना अभी बाकी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts