अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ’ के नारे के साथ एबीवीपी का धरना
: सीसीएसयू के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर छात्रहितों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की उठाई मांग
मेरठ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), मेरठ महानगर की ओर से शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर ‘अराजकता रोको–लोकतंत्र अपनाओ’ नारे के साथ धरना-प्रदर्शन किया गया। परिषद ने विश्वविद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, छात्रहितों के संरक्षण और शैक्षणिक वातावरण की गरिमा बनाए रखने की मांग उठाई।
एबीवीपी का कहना है कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, स्वतंत्र विचारों की अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक चेतना के विकास का महत्वपूर्ण मंच भी हैं। ऐसे में परिसर में अनुशासन, संवाद, पारस्परिक सम्मान और लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन जरूरी है।
परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से उठाना उनका अधिकार है। शैक्षणिक गतिविधियां बाधित नहीं होनी चाहिए और विश्वविद्यालय का वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के अनुकूल बना रहना चाहिए। प्रदर्शन के जरिए टकराव के बजाय संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
एबीवीपी ने छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं से छात्रहितों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। प्रदर्शन में ध्रुव गोस्वामी, आर्यन प्रजापति, अंजलि मिश्रा, मोहित तोमर, अनुज बैसला, सुरेश राणा, हर्ष पुंडीर, अपूर्व, रुद्र, उज्ज्वल, आर्यन, उदय और शिवम उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment