3.2 किमी रैली मार्ग पर हर 100 मीटर पर होगा जलपान केंद्र

सुभारती में 21 अक्टूबर को ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व’, सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष जोर

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए विश्वविद्यालय के हरि सिंह नलवा सेमिनार हॉल में बैठक कर रैली के संचालन, सुरक्षा, स्वच्छता और जनसुविधाओं की समीक्षा की गई। विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज और आयोजन समिति अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेवानिवृत्त) ने व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रो. शल्या राज ने कहा कि महापर्व की सफलता जनसहभागिता, अनुशासन और बेहतर व्यवस्थाओं पर निर्भर करेगी। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में प्रत्येक प्रतिभागी की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने 3.2 किलोमीटर लंबे रैली मार्ग पर हर 100 मीटर पर जलपान केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया। इन केंद्रों के संचालन में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाजसेवियों का सहयोग लिया जाएगा।

रैली मार्ग पर पेयजल, शौचालय, एंबुलेंस और चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था भी प्राथमिकता में रहेगी। इसके लिए स्थानीय प्रशासन से समन्वय किया जाएगा। स्वयंसेवकों की टीमें बनाकर भीड़ को व्यवस्थित रखने, प्रतिभागियों को दिशा-निर्देश देने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की योजना है। आयोजन स्थल से लेकर पूरे रैली मार्ग तक स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रो. शल्या राज ने कहा कि महापर्व का उद्देश्य केवल रैली निकालना नहीं, बल्कि युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रनिर्माण की भावना से जोड़ना है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन साहस, त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। विश्वविद्यालय, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से आयोजन को व्यापक जन-अभियान का रूप दिया जाएगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी ने बताया कि रैली के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए सिविल डिफेंस की मदद से भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी। पूरे मार्ग पर साउंड सिस्टम लगाए जाएंगे, ताकि आवश्यक घोषणाएं, अतिथियों के संबोधन और राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा सके।

बैठक में पंवार वाणी फाउंडेशन, भारत विकास परिषद, मेरठ कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन, क्रीड़ा भारती, प्रबुद्ध सेवा संस्थान, वीर खालसा दल, कायस्थ महासभा, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, वासवी फाउंडेशन, बार एसोसिएशन, व्यापार संघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विभिन्न संगठनों की सहभागिता पर चर्चा हुई। आयोजकों ने विश्वास जताया कि सामूहिक सहयोग से महापर्व राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता का व्यापक मंच बनेगा।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts