दुर्गा के नौ रूपों में दिखी नारी शक्ति की झलक, सीसीएसयू में सजी चित्र प्रदर्शनी
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने कैनवास पर उकेरे मां के स्वरूप, नारी सम्मान और संस्कारों का दिया संदेश
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मां दुर्गा के नौ स्वरूपों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और कलाकृतियों के माध्यम से नारी शक्ति, महिला सशक्तीकरण और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी ने की। मुख्य अतिथि मदन मोहन विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या शर्मिष्ठा भाटी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और कलश पूजन से हुआ। बालिकाओं ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कला के जरिए नारी सम्मान का संदेश
प्रो. अलका तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति और देवी के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। नारी का सम्मान केवल विचारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को आकर्षक ढंग से कैनवास पर उकेरा। कलाकृतियों के माध्यम से नारी शक्ति, बालिकाओं की गरिमा और महिला सशक्तीकरण को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शिक्षा और संस्कार से बनाएं पहचान
मुख्य अतिथि शर्मिष्ठा भाटी ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए छात्राओं को शिक्षा, संस्कार, आत्मविश्वास और परिश्रम के बल पर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज में विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं से प्रेरणा लेने और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ ने अतिथियों का स्वागत किया और संचालन किया। डॉ. शालिनी धामा ने आभार व्यक्त किया, जबकि सुश्री दीपांजलि ने कार्यक्रम स्थल की आकर्षक सज्जा की। इस दौरान सुधा मोहन, प्रीति शर्मा, आशा मिश्रा, हिमानी शर्मा और जयश्री सहित विभिन्न शिक्षिकाएं, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment