नर्सिंग के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने ली फ्लोरेंस नाइटिंगेल की शपथ

सबहेड: मेडिकल कॉलेज में दीप प्रज्वलन समारोह, मेधावी विद्यार्थियों को मेडल देकर किया सम्मानित

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने मानव सेवा, रोगियों की देखभाल और नर्सिंग व्यवसाय के नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने नर्सिंग को आदर्श और सेवाभाव से जुड़ा पेशा बताते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से निष्ठा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं के साथ रोगियों की सेवा करने का आह्वान किया। अतिथियों का स्वागत नर्सिंग फाउंडेशन विभाग की विभागाध्यक्ष एसोसिएट प्रोफेसर प्रियंका चौधरी ने किया।

कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य प्रो. डॉ. एस. बालामणि बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय की मैट्रन बबीता शर्मा और नर्सिंग संकाय के शिक्षकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दीप प्रज्ज्वलित कराया। विशिष्ट अतिथियों में अस्पताल के एसआईसी डॉ. धीरज राज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत चौधरी, उप चिकित्सा अधीक्षक एवं उत्तर प्रदेश राज्य नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश राणा और डॉ. एसके पालीवाल शामिल रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी एवं राजकीय नर्सेज संघ, मेरठ की प्रदेश अध्यक्ष शार्ली भंडारी ने विद्यार्थियों को फ्लोरेंस नाइटिंगेल की शपथ दिलाई। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न बैचों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। मेडिकल कॉलेज के फार्मेसी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राहुल सिंह ने अपने पिता ओमपाल सिंह के सम्मान और दिवंगत माता उषा सिंह की स्मृति में सभी मेडल समर्पित किए।

कार्यक्रम का संचालन कॉलेज ऑफ नर्सिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर हितेश चौधरी और नर्सिंग ट्यूटर यशवर्धन शर्मा ने किया। समारोह में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts