व्यापारियों पर मुकदमे के विरोध में डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

व्यापारियों ने लगाया फर्जी केस दर्ज कराने का आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

मेरठ। व्यापारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने मंगलवार को डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने देहली गेट थाने में फजलू, युसुफ, इमरान और अमजद अली के खिलाफ दर्ज मुकदमे को गलत बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो व्यापारी बड़ा आंदोलन करेंगे।

प्रदीप जोशी के जरिए मुकदमा दर्ज कराने का आरोप

व्यापारियों का आरोप है कि कोठी अतानस निवासी फाइज आफताब ने अपने कर्मचारी प्रदीप जोशी के माध्यम से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। व्यापारियों ने कहा कि उनका प्रदीप जोशी से न तो कोई विवाद है और न ही कोई व्यक्तिगत संबंध। इसके बावजूद उन्हें मुकदमे में फंसाकर उत्पीड़ित किया जा रहा है।

किराएदार की समस्या सुलझाने पहुंचे थे व्यापारी

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, वे फाइज आफताब के किराएदार अमजद अली की समस्या का समाधान कराने के लिए गए थे। उनका आरोप है कि करीब डेढ़ माह पहले शिकायतकर्ता ने स्वयं व्यापारियों को अपने कार्यालय बुलाया था। अब उसी मुलाकात की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

व्यापारियों ने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित थाने की पुलिस को देने के साथ ही अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप गलत पाए जाने पर व्यापारियों को राहत दिलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि पुलिस की ओर से निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन तेज करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts