ऋषभ एकेडमी, राधा गोविंद और कुसुम पब्लिक स्कूल ने जीते मुकाबले
गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल अंडर-14 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के मैदान पर चल रहे प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल अंडर-14 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को तीन मुकाबले खेले गए। इनमें ऋषभ एकेडमी, राधा गोविंद पब्लिक स्कूल और कुसुम पब्लिक स्कूल की टीमों ने जीत दर्ज की। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
ऋषभ एकेडमी ने एक विकेट से जीता मैच
पहले मुकाबले में कुसुम पब्लिक स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.2 ओवर में 98 रन बनाए। लाखन और साहेब ने 14-14 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अली ने चार और देव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ एकेडमी की टीम ने नौ विकेट खोकर 100 रन बनाते हुए एक विकेट से मुकाबला जीत लिया। सार्थक ने 25 और अभय ने 20 रन बनाए। कुसुम की ओर से साहेब ने तीन, लाखन और वीर ने दो-दो तथा रुद्रा ने एक विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए अली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राधा गोविंद पब्लिक स्कूल ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
दूसरे मुकाबले में बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 86 रन बनाए। विवान ने 20 और वासु ने 21 रन बनाए। राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की ओर से नागर ने चार और शुभम ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम को कम स्कोर पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए राधा गोविंद की टीम ने 12 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। समर्थ ने 37 और अमन ने 28 रन बनाए। बीएनजी की ओर से विवान को एक विकेट मिला।
कुसुम पब्लिक स्कूल ने 17 रन से दर्ज की जीत
तीसरे मुकाबले में कुसुम पब्लिक स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 124 रन बनाए। इंतशाम ने 41, साहेब ने 35 और लाखन ने 18 रन की पारी खेली। दर्शन एकेडमी की ओर से अर्नव ने तीन तथा युग और शिवांश ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दर्शन एकेडमी की टीम 19वें ओवर में 107 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से हरमन ने 34, अक्ष ने 19 और अर्नव ने 15 रन बनाए। कुसुम पब्लिक स्कूल की ओर से साहेब और लाखन ने दो-दो तथा रुद्रा ने एक विकेट लिया। इंतशाम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि टूर्नामेंट में सोमवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। इस दौरान नीरज, हिमांशु, रोहित, खुशबू और रजनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment