कंकरखेड़ा से बाईपास तक बदलेगी सड़क की तस्वीर

48 करोड़ से होगा कायाकल्प, फोरलेन के साथ दोनों तरफ सर्विस रोड; फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और नई लाइटों से संवरेगा मेरठ का प्रमुख प्रवेश मार्ग

मेरठ। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्ग कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से मेरठ बाईपास इंटरसेक्शन (दिल्ली-दून हाईवे) तक सड़क अब नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी। सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम ने इस मार्ग के चौड़ीकरण की डिजाइन फाइनल कर दी है। करीब 48 करोड़ रुपये की लागत से 15 महीने में सड़क का निर्माण पूरा किया जाएगा।

परियोजना के तहत मुख्य सड़क को चार लेन का बनाया जाएगा, जबकि दोनों ओर आबादी और बाजार क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए सर्विस रोड विकसित की जाएगी। इस तरह पूरा मार्ग सर्विस लेन समेत छह लेन का स्वरूप लेगा। सड़क बनने के बाद दिल्ली-दून हाईवे से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को बेहतर यातायात व्यवस्था मिलेगी और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

सड़क पर दिखेगा आधुनिक शहर का स्वरूप

सड़क के दोनों किनारों और डिवाइडर पर ग्रीन बेल्ट व लैंडस्केपिंग की जाएगी। नई डिजाइन की स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ, निर्धारित पार्किंग स्थल और व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। लोगों के बैठने के लिए बेंच और कियोस्क के साथ कूड़ा डालने के लिए डस्टबिन भी लगाए जाएंगे। सड़क पर वाहनों के सुचारु संचालन के लिए लेन मार्किंग की जाएगी।

अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से मिलेगी राहत

वर्तमान में इस मार्ग पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और बेतरतीब होर्डिंग बड़ी समस्या हैं। पैदल यात्रियों के लिए पर्याप्त फुटपाथ और बाजार क्षेत्र में व्यवस्थित सर्विस रोड व पार्किंग की सुविधा भी नहीं है। नई परियोजना में इन कमियों को दूर करने का प्रावधान किया गया है।

व्यापारियों की सुविधा का भी ध्यान

कंकरखेड़ा व्यापार संघ के अध्यक्ष नीरज मित्तल ने कहा कि मार्ग पर करीब 70 प्रतिशत हिस्सा व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ा है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखा जाना जरूरी है। यह मार्ग वीआईपी आवागमन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

सरधना रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष लवली भारद्वाज ने कहा कि चौड़ीकरण के दौरान व्यापारियों और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को कम से कम परेशानी हो। निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय में पूरा किया जाना चाहिए।

वर्क ऑर्डर जारी, जल्द शुरू होगा निर्माण

नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के अनुसार सड़क निर्माण का वर्क ऑर्डर एसएस इंफ्रा कंपनी को जारी कर दिया गया है। परियोजना को 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बाजार और आबादी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए सर्विस रोड की व्यवस्था भी परियोजना में शामिल है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts