मच्छरों पर वार तेज करें, फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे में न हो ढिलाई
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा में सीडीओ नूपुर गोयल सख्त, झाड़ियों की कटाई और नालियों की सफाई में तेजी लाने के निर्देश
मेरठ। संचारी रोगों की रोकथाम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मच्छरों के प्रजनन पर अंकुश लगाने के लिए नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे कराया जाए। साथ ही नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और जलभराव की समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने विकास भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए।
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने पंचायती राज विभाग को झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई और जलभराव दूर करने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। समीक्षा में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के कार्य प्राथमिकता से पूरे कराने के निर्देश दिए।
सफाई और छिड़काव पर विशेष जोर
सीडीओ ने नगर विकास विभाग और पंचायती राज विभाग को नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना और साफ-सफाई बनाए रखना संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जरूरी है। अभियान के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करें।
15 नवंबर तक चलेगा अभियान
जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक और दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। बैठक का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी ने किया। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, नगर मलेरिया अधिकारी और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment