आईआईएमटी के ‘हैकअक्टूबरफेस्ट’ में पृथ्वी-ई बनी महाविजेता
हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा, नवाचार और प्रोग्रामिंग कौशल का किया प्रदर्शन
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में आईआईएमटी बिजनेस इनक्यूबेटर फाउंडेशन (आईआईएमटी बीआईएफ) के तत्वावधान में ‘हैकअक्टूबरफेस्ट 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। हैकाथॉन में विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और प्रोग्रामिंग कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन में आईआईएमटी विश्वविद्यालय की टीम ‘पृथ्वी-ई’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविजेता का खिताब अपने नाम किया।
पृथ्वी-ई को सात हजार रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता में टीम ‘पृथ्वी-ई’ को विजेता बनने पर सात हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विद्या विश्वविद्यालय की टीम ‘स्पार्क्स’ ने प्रथम उपविजेता का स्थान हासिल कर पांच हजार रुपये जीते, जबकि आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज (एकेटीयू) की टीम ‘रनटाइम रेबल्स’ तीन हजार रुपये के पुरस्कार के साथ द्वितीय उपविजेता रही।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता और कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशेषज्ञों ने किया परियोजनाओं का मूल्यांकन
हैकाथॉन में निर्णायक मंडल की भूमिका कैप्टन दीपक ढल्ला, उदित गुप्ता, अभिषेक कुमार, हर्षवर्धन बाजोरिया और अभिनव सिंह ने निभाई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। कुलाधिपति ने निर्णायकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का आयोजन आईआईएमटी बीआईएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. वैभव शर्मा और वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. अक्षय राज के मार्गदर्शन में हुआ। इनक्यूबेशन मैनेजर ज़ोया नाज़, इनक्यूबेशन एसोसिएट अभिषेक खंडेलवाल, संकल्प अग्रवाल और मुकेश पाल का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन ज़ोया नाज़ ने किया।
ई-सेल के विद्यार्थियों ने निभाई अहम भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में आईआईएमटी ई-सेल के विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शीज़ान नासिर भट्ट, मोहम्मद कैफ, हीबा, अनुष्का, कनक, रिया, उत्कर्ष, शगुन सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम को वासुदेव एआई और टेकीज़ मार्केटिंग एजेंसी का सहयोग मिला, जबकि डिजिटल ओशियन, देव और एमएलएच मुख्य प्रायोजक रहे।
समापन पर कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रायोजकों, सहयोगियों और प्रतिभागियों के साथ आयोजन में योगदान देने वाले ई-सेल एवं जीडीजी के विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment