संभव जनसुनवाई में एमडी ने सुनीं बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें, त्वरित समाधान के निर्देश

लाइन शिफ्टिंग से लेकर बिलों में गड़बड़ी और सोलर नेट मीटरिंग तक के मामले पहुंचे, अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर स्थायी समाधान के आदेश

मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के मुख्यालय ऊर्जा भवन में मंगलवार को प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) की अध्यक्षता में संभव कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें मेरठ के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा धामपुर और सहारनपुर सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतें सुनी गईं। एमडी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में मेरठ क्षेत्र ग्रामीण के विद्युत वितरण खंड प्रथम के अंतर्गत परतापुर, पल्लवपुरम और किठौर से कई शिकायतें सामने आईं। एमडी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लाइन शिफ्टिंग और सुरक्षा के मामलों पर सख्ती

ग्राम छज्जूपुर, मोहिउद्दीनपुर, परतापुर निवासी सरवचन सिंह ने निजी नलकूप की विद्युत लाइन के कारण आवागमन बाधित होने की शिकायत की। इस पर एमडी ने विद्युत सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए लाइन स्थानांतरित करने और रास्ते को अवरोधमुक्त बनाने के निर्देश दिए।

वहीं, अम्हैड़ा में मकानों की छतों के ऊपर से 11 केवी विद्युत लाइन गुजरने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बिलों की त्रुटियां सुधारने और नए कनेक्शन पर निर्देश

उपभोक्ता रिजवान, फारूख और मदीना ने बिजली बिलों में नाम व पते की त्रुटियों को ठीक कराने की मांग की। एमडी ने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों की जांच कर रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

लोहियानगर निवासी इरम खातून के नए घरेलू बिजली कनेक्शन के आवेदन पर भी सुनवाई हुई। इसमें पुराने बकाये और मीटर से जुड़े मामलों की पारदर्शी समीक्षा कर नियमानुसार समाधान निकालने को कहा गया।

सोलर उपभोक्ता की नेट मीटरिंग जल्द शुरू करने के निर्देश

ग्राम अच्छरौंडा निवासी उर्मिला के तीन किलोवाट के रूफटॉप सोलर संयंत्र की नेट मीटरिंग का मामला भी जनसुनवाई में पहुंचा। एमडी ने परीक्षणशाला के अधिकारियों को स्मार्ट मीटर की कॉन्फिगरेशन जल्द अपडेट कर नेट मीटरिंग शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ता को सौर ऊर्जा का लाभ मिल सके।

इसके अलावा मीटर हटाए जाने और बिजली चोरी के जुर्माने से संबंधित शिकायतों पर भी सुनवाई हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लाइनमैन बिना उचित कारण मीटर ले गया और बिजली चोरी का जुर्माना लगा दिया गया। एमडी ने संबंधित अवर अभियंता और जांच अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष पुनः जांच कर नियमानुसार राहत देने के निर्देश दिए।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने कहा कि संभव कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को अपनी समस्याएं सीधे विभाग के शीर्ष अधिकारियों के सामने रखने का अवसर देना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की शिकायतों के स्थायी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है।


जनसुनवाई में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर, मुख्य अभियंता मो. सगीर, राजेश कुमार, राजकुमार, गुरजीत सिंह और रजनीकांत मिश्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और विभागीय कर्मचारियों ने भी जनसुनवाई में भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts