केएल इंटरनेशनल स्कूल में करियर काउंसलिंग, विद्यार्थियों को बताए भविष्य निर्माण के गुर

रुचि, प्रतिभा और योग्यता के अनुरूप करियर चुनने के लिए किया प्रेरित, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता विकसित करने पर दिया जोर

मेरठ। विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण की सही दिशा दिखाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से केएल इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को अपनी रुचियों, प्रतिभा, क्षमताओं और व्यक्तित्व को पहचानकर सोच-समझकर करियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में शैक्षिक मनोविज्ञान में डॉक्टरेट तथा मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त डॉ. गीतांजलि कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आत्म-जागरूकता, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, आलोचनात्मक चिंतन और सामाजिक समझ को सफल जीवन एवं करियर निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।

डॉ. गीतांजलि ने कहा कि करियर का चुनाव केवल उपलब्ध अवसरों को देखकर नहीं करना चाहिए, बल्कि इसे विद्यार्थियों की रुचि, योग्यता और दीर्घकालिक लक्ष्यों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने विभिन्न करियर संभावनाओं, उनसे जुड़ी आवश्यक दक्षताओं और भविष्य की चुनौतियों के बारे में भी जानकारी दी।

संवाद से दूर की विद्यार्थियों की जिज्ञासाएं

सत्र के दौरान संवादात्मक प्रश्नोत्तर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करियर से जुड़े सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विशेषज्ञ ने उन्हें सही विकल्प चुनने के लिए आत्ममंथन करने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर निर्णय लेने की सलाह दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने डॉ. गीतांजलि कुमार का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करियर काउंसलिंग विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, स्पष्ट दृष्टिकोण और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक सफलता तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम, जागरूक और सफल बनाना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts