वैदिक काल से आधुनिक भारत तक का सफर मंच पर साकार

बीआईटी ग्लोबल स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘प्रवाह’ में विद्यार्थियों ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग, जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने देखी भारत की विकास यात्रा

मेरठ। बीआईटी ग्लोबल स्कूल में बुधवार को वार्षिकोत्सव ‘प्रवाह’ का आयोजन किया गया। जर्मन प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से वैदिक काल से आधुनिक भारत तक की सांस्कृतिक और विकास यात्रा को मंच पर साकार किया। कार्यक्रम में भारतीय विरासत, स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्र निर्माण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, अंतरिक्ष विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की संभावनाओं को आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए दर्शाया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि जर्मन-इंडियन सोसाइटी के फेडरल बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं जर्मनी के स्टटगार्ट स्थित इंटरनेशनल प्रोजेक्ट सेंटर की निदेशक एंजेलिका हाफ रहीं। उनके साथ जर्मनी से आईं शिक्षिकाएं डामारिस रेबर, जेनिफर हाइस, अन्ना लीना मिल्च, शिक्षक निक जेनिन और छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

नृत्य-नाटिका ‘प्रवाह’ रही आकर्षण का केंद्र

गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह का मुख्य आकर्षण नृत्य-नाटिका ‘प्रवाह’ रही, जिसमें भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक प्रगति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। हरित क्रांति, श्वेत क्रांति, हिमालय की महिमा, नारी शक्ति, शिक्षा के विस्तार और राष्ट्र निर्माण की झलक ने दर्शकों को प्रभावित किया।

असम, पंजाब और राजस्थान के लोकनृत्यों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता में एकता का संदेश दिया। अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित प्रस्तुतियों ने आधुनिक भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को सामने रखा। जर्मनी से आए विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दोनों देशों की परंपराओं के बीच आपसी जुड़ाव को भी दर्शाया।

शिक्षा और संस्कृति पर हुआ संवाद

मुख्य समारोह से पहले आयोजित शैक्षिक संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र में भारत और जर्मनी के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने शिक्षण पद्धतियों, नवाचारों और सांस्कृतिक अनुभवों को साझा किया। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना और विद्यार्थियों में वैश्विक दृष्टिकोण, पारस्परिक सम्मान तथा सहयोग की भावना विकसित करना रहा।

प्रधानाचार्य एनपी सिंह ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि एंजेलिका हाफ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य ने अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वालों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षाविद, गणमान्य व्यक्ति और अभिभावक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts