महापौर की भाभी के पिस्टल लाइसेंस पर निरस्तीकरण की तलवार

 कार के लेनदेन को लेकर दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे के आधार पर लालकुर्ती पुलिस डीएम को भेजेगी रिपोर्ट, बेटे ने कहा- मामले में हो चुका है समझौता

मेरठ। महापौर हरिकांत अहलूवालिया की भाभी नलिनी अहलूवालिया के पिस्टल लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। कार के लेनदेन से जुड़े धोखाधड़ी के एक मुकदमे में नाम सामने आने के बाद लालकुर्ती पुलिस ने लाइसेंस नवीनीकरण की संस्तुति नहीं की है। पुलिस जल्द ही लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजेगी।

लालकुर्ती थाना क्षेत्र के तिलक रोड निवासी नलिनी अहलूवालिया के पास .22 बोर पिस्टल का लाइसेंस है, जिसकी वैधता 29 सितंबर तक थी। उन्होंने लाइसेंस नवीनीकरण के लिए जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के समक्ष आवेदन किया था। इस पर डीएम ने डीसीआरबी और लालकुर्ती थाने से रिपोर्ट मांगी। जांच में नलिनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई।

दरअसल, गंगानगर निवासी सिद्धार्थ सिंह ने आठ जनवरी 2024 को नलिनी अहलूवालिया और उनके बेटे शुभम अहलूवालिया के खिलाफ कार के लेनदेन की रकम को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सीसीटीएनएस पोर्टल और डीसीआरबी के रिकॉर्ड में भी मुकदमे की पुष्टि हुई। इसके बाद लालकुर्ती पुलिस ने रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि मुकदमा दर्ज होने के कारण शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण की संस्तुति नहीं की जा सकती।

डीआईजी के निर्देश पर होगी कार्रवाई

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने निर्देश दिए हैं कि जिन शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, उनके लाइसेंस निरस्तीकरण के संबंध में नियमानुसार रिपोर्ट भेजी जाए। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने भी कहा कि मुकदमा दर्ज होने के मामलों में लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

बेटे ने कहा, मामले में हो चुका है समझौता

नलिनी के बेटे शुभम अहलूवालिया ने कहा कि उनकी मां का स्वास्थ्य खराब चल रहा है। वर्ष 2024 में सिद्धार्थ सिंह ने कार के लेनदेन को लेकर उनके और उनकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शुभम के अनुसार, मामले में समझौता हो चुका है और सिद्धार्थ ने हाईकोर्ट में भी इस संबंध में लिखकर दिया है।

महापौर ने जताई अनभिज्ञता

महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि उन्हें नलिनी और शुभम के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जानकारी नहीं है। उनके पास कौन-सा शस्त्र है, इसकी जानकारी भी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि नलिनी से उनके ज्यादा ताल्लुकात नहीं हैं।

अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान

डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर एक से 30 सितंबर तक रेंज में चलाए गए अभियान के दौरान 208 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 185 अवैध शस्त्र और 214 कारतूस बरामद करते हुए 180 प्राथमिकी दर्ज कीं। डीआईजी ने अवैध हथियार बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts